Er. Santosh Kumar
रजौली में हुए अपहरण और फिरौती के एक सनसनीखेज मामले में थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.गिरफ्तार आरोपी की पहचान महसई मोहल्ला निवासी दिलीप कुमार के बेटे संटु कुमार के रूप में हुई है,जिसे पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है.यह मामला 11 अगस्त 2025 को तब सामने आया,जब फरहा गांव के निवासी शेरु कुमार ने रजौली थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई.अपनी शिकायत में शेरु कुमार ने बताया था कि वह अपने भतीजे राजा कुमार एवं अन्य दो दोस्तों के साथ रजौली अनुमंडल कार्यालय आए थे.उनके दोस्त अनुमंडल कार्यालय के अंदर चले गए और शेरू अपने भतीजे राजा के साथ शौच करने अनुमंडल कार्यालय के पीछे शौच के लिए चले गए.शौच करने के बाद जब दोनों युवक लौटे,तो इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार करीब सात लोगों ने उन्हें रोका और लड़की से छेड़खानी का झूठा आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की.
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने शेरु कुमार की कनपटी पर पिस्तौल रखकर उन्हें और उनके भतीजे को अगवा कर लिया.उनके चेहरे पर गमछा बांधकर उन्हें नदी के रास्ते जंगल में ले जाया गया,जहां लाठी और पिस्तौल से उनकी बेरहमी से पिटाई की गई.मारपीट के बाद अपराधियों ने उनसे पैसे की मांग की और उनके मोबाइल से अलग-अलग ऑनलाइन स्कैनर्स के जरिए कुल 78,500 रूपये की फिरौती वसूली.पैसे मिलने के बाद उन्होंने दोनों को धमकी देकर छोड़ दिया कि अगर पुलिस को बताया तो जान से मार देंगे और पिस्तौल के साथ उनका बनाया हुआ वीडियो वायरल कर देंगे.शेरु कुमार की शिकायत के आधार पर रजौली थाना में पदस्थापित पीएसआई सचिन कुमार ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और जांच के दौरान संटु कुमार को धर दबोचा.थानाध्यक्ष के अनुसार संटु कुमार इस पूरे मामले में शामिल था और उसकी गिरफ्तारी इस गिरोह तक पहुंचने में एक महत्वपूर्ण कदम है.पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है.










