मकर संक्रांति मिलन,रजौली नगर पंचायत के विकास और जन-संवाद का नया संकल्प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

‘दही-चूड़ा भोज’ के जरिए पेश किया तीन वर्षों का रिपोर्ट कार्ड, भविष्य की योजनाओं पर प्रबुद्ध जनों के साथ हुआ गहन मंथन

मनीष कुमार रजौली (नवादा) 

मकर संक्रांति के पावन अवसर पर रजौली नगर पंचायत में उत्साह और विकास की एक नई किरण दिखाई दी। सोमवार को नगर पंचायत के मुख्य पार्षद और प्रतिनिधि प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पारबाध स्थित मॉल में एक भव्य ‘दही-चूड़ा भोज’ सह ‘विचार-विमर्श गोष्ठी’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम न केवल पारंपरिक त्योहार की खुशियां बांटने का माध्यम बना, बल्कि इसने रजौली के भविष्य और बुनियादी सुविधाओं को लेकर एक सशक्त जन-संवाद का रूप ले लिया।आयोजन का मुख्य केंद्र रजौली नगर पंचायत को एक ‘आदर्श पंचायत’ के रूप में स्थापित करना रहा, जहाँ जनप्रतिनिधियों और आम जनता ने मिलकर विकास के रोडमैप पर विस्तृत चर्चा की।इस अवसर पर प्रमोद कुमार सिंह ने उपस्थित नागरिकों और प्रबुद्ध जनों को संबोधित करते हुए अपने तीन साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा साझा किया।


कार्यक्रम में बातों को रखते गणमान्य व अन्य प्रबुद्ध जन 
कार्यक्रम में बातों को रखते गणमान्य व अन्य प्रबुद्ध जन

उन्होंने कहा कि त्योहारों का असली आनंद तभी सार्थक होता है जब समाज का अंतिम व्यक्ति विकास की मुख्यधारा से जुड़ा हो। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में नगर क्षेत्र में नाली, गली, सड़क, डस्टबिन और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया गया है। जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति साझा करते हुए उन्होंने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत चयनित 1200 लाभार्थियों में से 500 से अधिक लोगों को पहली किस्त की राशि मिल चुकी है। शेष बचे नागरिकों को भी जिओ-टैगिंग की प्रक्रिया पूर्ण होते ही जल्द ही योजना का लाभ दिया जाएगा।भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए प्रतिनिधि ने रजौली को स्मार्ट और सुरक्षित बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में पूरे नगर पंचायत क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा और जल निकासी की समस्या के स्थाई समाधान हेतु आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में चार नए मुक्तिधाम शेड के निर्माण की योजना पर भी कार्य चल रहा है।इस संवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के कई दिग्गज और समाजसेवियों ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।

कार्यक्रम में शामिल गणमान्य व अन्य प्रबुद्ध जन 

कार्यक्रम में रंजीत सिंह, रंजन कुमार बब्लू, अनिल सर, बिरेंद्र प्रसाद,अजय शरण सिंह, दिनेश पाण्डे, गगन सिंह, विनय सिंह (मुखिया), नवीन कन्धवे और मनोज यादव जैसे सैकड़ों गणमान्य लोग शामिल हुए। चर्चा के दौरान रंजीत सिंह और अजय शरण सिंह ने शिक्षा एवं सामुदायिक विकास की आवश्यकता पर बल दिया, वहीं गगन सिंह और विनय सिंह मुखिया ने ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के बेहतर समन्वय पर अपने विचार साझा किए। विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने भी अपने क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों को पटल पर रखा। अंत में प्रमोद कुमार सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि आपसी समन्वय और जनता की सक्रिय भागीदारी से रजौली नगर पंचायत आने वाले समय में प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा।

चुड़ा दही का आनंद लेते नगरवासी
Bihar News 27
Author: Bihar News 27

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!