Er. Santosh Kumar
रजौली थाना क्षेत्र के पुरानी बस स्टैंड स्थित ओम मेडिकल के सामने उत्तर प्रदेश से आए रिवाइटल प्रचार वाहन के कर्मियों और स्थानीय दवा विक्रेताओं के साथ तीखी नोंकझोंक रविवार की दोपहर हो गई।दवा विक्रेता संघ रजौली के प्रखंड अध्यक्ष व्यास प्रसाद और सचिव संतोष कुमार ने बताया कि प्रचार वाहन मैजिक संख्या यूपी70एनटी9624 के कर्मियों द्वारा सेंपल की दवाइयों को पैसे लेकर ग्रामीणों के बीच बेचा जा रहा है।साथ ही दुकान में बिकने वाली रिवाइटल की कीमत ज्यादा होती है,जबकि प्रचार वाहन द्वारा कम कीमतों में दवाई बेचा जा रहा है।इसी को लेकर स्थानीय दवा विक्रेताओं द्वारा प्रचार वाहन का विरोध कर थाना आदि को सूचित किया गया,कि प्रचार वाहन का काम सिर्फ प्रचार करना है,ना कि दवाई की बिक्री करना है।वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश से प्रचार वाहन के साथ आए सुपरवाइजर शिवांश अवस्थी ने बताया कि उन्हें फूड सप्लीमेंट कंपनी रिवाइटल द्वारा प्रचार कर दवाई बेचने को निर्देशित किया गया है।उनके साथ रिवाइटल कंपनी के प्रमोटर आलोक पांडेय,राहुल वाजपेई और छोटू कुमार के अलावे जादूगर
गजराज सिंह हैं।वे लोग क्षेत्र में घूमकर जादूगर की सहायता से जादू दिखाकर लोगों को एकत्रित करते हैं और फिर रिवाइटल का प्रचार-प्रसार करके,दवाइयों को लोगों के बीच बेचते हैं और साथ में सेंपल की कुछ दवाइयां मुफ्त में भी दी जाती है।उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को रिवाइटल की दवाई अच्छी लगेगी,तो वे बाद में स्थानीय दुकान से ही खरीदकर उपयोग करेंगे।घंटों चले इस नोंकझोंक के बाद पीएचसी प्रभारी डॉ. सौरभ निराला ने बताया कि रिवाइटल कंपनी एक फूड सप्लीमेंट कंपनी है,उसका प्रचार वाहन विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर प्रचार करते नजर आते हैं।इसमें किसी को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।पीएचसी प्रभारी के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और प्रचार वाहन द्वारा दवाइयों को लोगों के बीच बेचा जाना शुरू हुआ।










