Er. Santosh Kumar
रजौली थाना क्षेत्र समेत पूरे सूबे (बिहार) पूर्ण रूप से शराबबंदी के बाद भी शराब तस्करों के हौसले बुलंद हैं.ताजा मामला थाना क्षेत्र के चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी का है,जहां मंगलवार की सुबह उत्पाद बलों ने नियमित वाहनों के जांच के दौरान दुबई से महंगे शराब के शौकीन युवक को दो बोतलों के साथ गिरफ्तार किया. बिहार में शराबबंदी के 8 वर्षों से भी अधिक समय बीत चुका है. इसके बावजूद शराब के शौकीन लोग जानकारी के बाद भी जोखिम मोल लेते हैं और पुलिस के गिरफ्त में पड़कर जेल की हवा खा रहे हैं.
वहीं जांच चौकी पर बिहार में शराबबंदी को सफल बनाने के लिए उत्पाद बलों द्वारा प्रवेश से पूर्व हीं लगातार कार्रवाई की जा रही है. उत्पाद बलों के द्वारा विगत दिनों महिला को ढाल बनाकर भी शराब की खेप को बिहार के विभिन्न जगहों पर ले जाने के प्रयास को विफल किया गया है.उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि उत्पाद एएसआई सुजीत कुमार द्वारा जांच चौकी पर एक बस की जांच की गई.जांच के क्रम में दुबई से वापस घर लौट रहे शराब के शौकीन एक युवक के पास से 1000 एमएल की मात्रा वाले जेगरमिएस्टर ऑरेंज एवं बॉम्बे ब्रैंबल नामक एक-एक बोतल विदेशी शराब बरामद किया गया है. उत्पाद पुलिस के अनुसार दुबई से लाए दोनों बोतल शराब की कीमत लगभग दस हजार रुपए बताया जा रहा है.उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान पटना जिले के दीघा थाना क्षेत्र के बासकोठी दीघा निवासी दिनेश चौधरी के पुत्र विशाल कुमार के रूप में हुई है.गिरफ्तार युवक द्वारा बताया गया कि वे दुबई से ही शराब खरीदकर अपने घर ले जा रहे थे.जब्त शराब एवं गिरफ्तार युवक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मंगलवार को ही न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.इस मौके पर उत्पाद एसआई प्रवीण कुमार के साथ गृहरक्षक के जवान मौजूद रहे.










