नए नियमों को लेकर बिजली विभाग द्वारा चलाया गया जागरूकता अभियान,बांटे गए पंपलेट,साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने के लिए बिजली एसडीओ ने किया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

संतोष कुमार

रजौली प्रखंड मुख्यालय स्थित बजरंगबली चौक पर बिजली विभाग द्वारा बिजली के नए नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया.इस दौरान बिजली विभाग के एसडीओ राहुल कुमार व जेई भुवनेश्वर कुमार के साथ लाइन मैन शशिभूषण कुमार,इंडियन कछुआ,सानू कुमार एवं मो. असलम आलम भी मौजूद रहे.एसडीओ ने बताया कि बिहार सरकार द्वारा हर घर बिजली योजना के सफल होने के बाद सस्ते दर पर आमलोगों को बिजली मुहैया कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है.टीम ने उपभोक्ताओं को योजना के लाभों और इसके लिए आवेदन करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया.इस योजना के तहत सरकार 125 यूनिट तक की बिजली खपत पर सब्सिडी प्रदान करती है,जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को बड़ी राहत मिलती है.कैंप में आए लोगों ने इस पहल की सराहना की और अधिकारियों से योजना के बारे में अपने संदेहों को दूर किया.अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि रजौली का हर पात्र उपभोक्ता इस महत्वपूर्ण सरकारी योजना का लाभ उठा सके.मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत सभी श्रेणी के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को प्रति माह 125 यूनिट तक बिजली की खपत पर किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना पड़ेगा.इस योजना से अनुमंडल क्षेत्र के लगभग 85900 उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा.इस योजना से व्यवसाई वर्ग को लाभ से वंचित रखा गया है.

साथ ही बताया कि यदि किसी उपभोक्ता द्वारा 125 यूनिट से ज्यादा बिजली खपत की जाती है,तो पूर्ववत में लग रहे बिजली शुल्कों में विद्युत ऊर्जा शुल्क 30 रुपए एवं फिक्स चार्ज के रूप में ग्रामीण क्षेत्रों में 40 रुपए प्रति किलोवाट और नगर क्षेत्र में 80 रुपए प्रति किलोवाट है.उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र के उपभोक्ताओं को 125 यूनिट के अलावे खर्च होने वाले यूनिटों के लिए प्रति यूनिट 4.97 रुपए एवं ग्रामीण क्षेत्र के लिए 2.45 रुपए प्रति यूनिट देय होगा.

स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने की योजना पर भी रजौली में काम किया गया है.इसके अलावा स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को ‘मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना’ के तहत, स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक का रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं होगी.यदि उन्होंने पहले से रिचार्ज किया हुआ है, तो वह यूनिट उनके खाते में शेष बैलेंस के रूप में जुड़ जाएगा.साथ हीं 125 यूनिट से ज्यादा खपत होती है तो अगले रिचार्ज में पैसा काट लिया जाएगा.

शिविर में बिजली एसडीओ ने आम लोगों से साइबर फ्रॉड से बचने की अपील की.उन्होंने लोगों को साइबर क्राइम से सावधान रहने की भी सलाह दी.उन्होंने बताया कि इस योजना के संबंध में बिजली विभाग कभी भी किसी भी उपभोक्ता से फोन पर कोई ओटीपी या अन्य व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगता है.इसलिए, अगर आपको बिजली विभाग के नाम पर ऐसा कोई कॉल आता है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं और किसी भी जानकारी को साझा न करें, वरना आप धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं.

इस जागरूकता अभियान में विभाग ने सैकड़ों उपभोक्ताओं को योजना से जुड़े पंपलेट भी बांटे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस नई पहल का लाभ मिल सके.इस जागरूकता अभियान के दौरान सैकड़ों उपभोक्ताओं के बीच योजना से संबंधित पंपलेट का भी वितरण किया गया.

Bihar News 27
Author: Bihar News 27

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!