संतोष कुमार
हैंड इन हैंड इंडिया के प्रयासों और सामुदायिक सहयोग से रजौली प्रखंड का जोगियामारन पंचायत अब औपचारिक रूप से ‘बाल मित्र ग्राम’ घोषित हो गया है. जोगियामारन गांव में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में यह घोषणा की गई,जिसमें बच्चों की शिक्षा,स्वास्थ्य और समग्र विकास के साथ-साथ महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर दिया गया.
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मुखिया प्रतिनिधि मुकेश यादव, शिक्षक रवि सर, आंगनबाड़ी सेविका रीना देवी, आशा उषा देवी और हैंड इन हैंड इंडिया के महाप्रबंधक रवि रंजन सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने दीप प्रज्वलित कर किया.
हैंड इन हैंड इंडिया का दो वर्षों का समर्पण:-
हैंड इन हैंड इंडिया के महाप्रबंधक, रवि रंजन ने बताया कि पिछले दो वर्षों से संगठन बच्चों और महिलाओं के शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के उत्थान के लिए अथक प्रयास कर रहा है.इन प्रयासों में बच्चों का स्कूल में नामांकन कराना, पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को फिर से स्कूल से जोड़ना, और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को पढ़ाई में सहायता प्रदान करना शामिल है.इसके अतिरिक्त, महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से उनके समूहों का गठन किया गया है,जहां उनके स्वास्थ्य,शिक्षा और आजीविका के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है.
बाल मजदूरी उन्मूलन और शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य:-
परियोजना प्रबंधक राजेश कुमार ने अपने संबोधन में बताया कि हैंड इन हैंड इंडिया पिछले 20 वर्षों से विभिन्न राज्यों में बाल मजदूरी उन्मूलन पर काम कर रही है.जोगियामारन पंचायत में उनका मुख्य उद्देश्य बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन और विद्यालय में उनकी शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना है.साथ ही, यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बच्चे स्वस्थ रहें और सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचे.सहायक परियोजना प्रबंधक डॉ. अभय कुमार ने इस उपलब्धि के लिए समुदाय के सहयोग और पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका पर जोर दिया.उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रबंधन समिति,आंगनबाड़ी स्तरीय अनुश्रवण एवं सहयोग समिति,और बाल अधिकार संरक्षण समिति जैसी ग्राम स्तरीय समितियों को सुचारू रूप से चलाने का प्रयास किया गया है,जिसके परिणामस्वरूप जोगियामारन आज एक बाल मित्र गांव बन सका है.
मुखिया प्रतिनिधि ने सराहे प्रयास:-
मुखिया प्रतिनिधि मुकेश यादव ने हैंड इन हैंड इंडिया के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन ने पंचायत में बच्चों के सर्वांगीण विकास और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं.उन्होंने खुशी व्यक्त की कि आज पंचायत के लगभग सभी बच्चे विद्यालय में हैं और महिलाएं सामूहिक रूप से बचत कर रही हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं.उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि पंचायत में बच्चों के लिए एक सुरक्षित, भय-मुक्त और शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध है,जिससे जोगियामारन गर्व से “बाल मित्र पंचायत” बन गया है.कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा कुपोषित और कमजोर बच्चों को पोषण पाउडर, स्कूल बैग और कॉपियों के रूप में छात्रवृत्ति प्रदान की गई.इसके अलावा, उपस्थित किशोरियों को सैनिटरी पैड और नवविवाहित महिलाओं को स्वास्थ्य किट भी उपलब्ध कराए गए.कार्यक्रम का सफल संचालन अनिल कुमार ने किया और धन्यवाद ज्ञापन सुमंत कुमार द्वारा किया गया.इस आयोजन को सफल बनाने में गुडू कुमार, रविंद्र कुमार, मोबिलाईजर मिंटू देवी, सुमित्रा, चंदन, और सी एल सि शिक्षक सूरज कुमार,दिव्या पूजा सहित कई अन्य लोगों का भरपूर सहयोग मिला.










