संतोष कुमार
रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी से उत्पाद बलों ने झारखंड से बिहार ले जाई जा रही महंगी विदेशी शराब की 40 बोतलों को जब्त किया.साथ ही शराब लेकर बस में सफर कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया.उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि बिहार मद्दनिषेध को लेकर जांच चौकी पर प्रत्येक दिन तीन शिफ्टों में उत्पाद बलों के सहयोग से झारखंड की ओर से आनेवाली प्रत्येक छोटी एवं बड़ी वाहनों की सघन जांच की जा रही है,जिसका नेतृत्व उत्पाद एसआई प्रवीण कुमार के द्वारा किया जा रहा है.रांची से बिहार जा रही रौशन नामक यात्री बस संख्या बीआर31पीए7151 को उत्पाद एसआई प्रवीण कुमार द्वारा जांच किया गया.जांच के क्रम में एक व्यक्ति के पास रहे बंद सूटकेस से 40 बोतल विदेशी शराब को जब्त किया गया.जब्त शराब में 750 एमएल वाले 100 पाइपर के 25 बोतल,ब्लैक डॉग गोल्ड के 5 बोतल व नॉर्मल के 5 बोतल एवं प्रीमियम ब्लेंडर्स प्राइड के 5 बोतल शामिल है.जब्त शराब का बाजार मूल्य लगभग एक लाख रुपए आंकी जा रही है.वहीं शराब के साथ गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सिवान जिले के दड़रौंदा थाना क्षेत्र के खड़सरा गांव निवासी जय किशोर सिंह के पुत्र मोनू कुमार सिंह के रूप में हुई है.गिरफ्तार युवक ने पूछताछ के क्रम में बताया कि वह रांची के आर्मी कैंटीन से शराब लेकर घर में आयोजित पारिवारिक समारोह में शामिल होने जा रहा था.वहीं दूसरी ओर गुप्त सूचना के आलोक में महियारा गांव स्थित एक मंदिर के समीप से उत्पाद एसआई प्रवीण कुमार ने 20 लीटर चुलाई शराब से भरी एक स्कूटी संख्या बीआर21एक्स5889 को जब्त किया.साथ ही स्कूटी चालक सह शराब तस्कर परमेश्वर बिगहा गांव निवासी जदू राजवंशी के पुत्र अनीश कुमार को गिरफ्तार किया गया.उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार युवक स्कूटी के डिक्की में शराब भरकर तस्करी में जुटा हुआ था.साथ ही कहा कि जब्त स्कूटी,देशी व विदेशी शराब एवं गिरफ्तार लोगों के विरुद्ध बिहार उत्पाद अधिनियम के सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.गिरफ्तार लोगों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.इस मौके पर उत्पाद एएसआई मो. साबिर के अलावे गृहरक्षक के जवान मौजूद रहे.










