झारखंड से लाकर होम डिलीवरी करता था आरोपी, फ्रिज और कार्टून में छिपा रखी थी शराब, प्राथमिकी दर्ज
मनीष कुमार, रजौली(नवादा)
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा। उत्पाद टीम संख्या 02 ने अवर निरीक्षक मद्य निषेध प्रवीण कुमार के नेतृत्व में रजौली थाना क्षेत्र के जोगियामरण गांव में बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी में एक घर से 254.250 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
फ्रिज और कार्टून से निकली शराब :-
उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि बीते बुधवार को उत्पाद टीम को सूचना मिली थी कि जोगियामरण निवासी रोहित कुमार पिता स्वर्गीय प्रकाश साव ने अपने घर में भारी मात्रा में विदेशी शराब का भंडारण कर रखा है। सूचना पर दल-बल के साथ छापेमारी की गई। घर के एक कमरे में फ्रिज एवं कार्टूनों में छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई।
111 लीटर बियर और 143.25 लीटर विदेशी शराब बरामद :-
उत्पाद बलों ने जोगियामारन निवासी रोहित कुमार के घर से 500 एमएल वाले गॉडफादर स्ट्रांग प्रीमियम बियर के 66 केन,किंगफिशर के 60 केन,कार्ल्सबर्ग बियर के 80 केन एवं बैड मंकी के 16 केन हैं। जब्त बियर की कुल मात्रा 111 लीटर है। वहीं विदेशी शराब में 750 एमएल वाले मैजिक मोमेंट लेमन फ्लेवर्ड वोडका के 13 बोतल, आईकॉनिक व्हाइट व्हिस्की के 18 बोतल, रॉयल ग्रीन व्हिस्की के 61 बोतल व 375 एमएल का 7, रॉयल स्टैग व्हिस्की 750 एमएल 36 बोतल व 375 एमएल का 21 बोतल, ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की 750 एमएल के 12 बोतल, 8 पीएम व्हिस्की 750 एमएल का 20 बोतल एवं सिग्नेचर व्हिस्की 750 एमएल के 17 बोतल शामिल है। जब्त विदेशी शराब की कुल मात्रा 143.25 लीटर है। सभी शराब की बोतलों पर ‘फॉर सेल इन झारखंड’ अंकित पाया गया।
कमर में खोंस कर करता था होम डिलीवरी :-
गिरफ्तार 27 वर्षीय रोहित कुमार ने पूछताछ में बताया कि वह झारखंड से शराब लाकर रजौली एवं सिरदला क्षेत्र में होम डिलीवरी करता है। एक ट्रिप में कमर में खोंस कर 6 बोतल तक ले जाता था। वह पिछले तीन महीने से इस धंधे में लगा हुआ था। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी संख्या 571/26 दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त से मिली सूचना के आधार पर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।










