Er. Santosh Kumar
रजौली मुख्यालय स्थित अनुमंडलीय अस्पताल में शनिवार की रात्रि को चिकित्सक के साथ मरीज द्वारा हुई मारपीट को लेकर बीते सोमवार से ओपीडी सेवा बाधित है.ओपीडी सेवा के बंद होने से बीमार पड़े ग्रामीणों को इलाज हेतु काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.वहीं अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा आरोपी के गिरफ्तारी नहीं होने तक ओपीडी बंद रखने की बात कही जा रही है.इसी को लेकर सिविल सर्जन नवादा डॉ. विनोद चौधरी ने मंगलवार की शाम को अस्पताल पहुंच प्रभारी डीएस डॉ. दिलीप कुमार एवं पीड़ित चिकित्सक डॉ. अनुज कुमार से जरूरी बातचीत किया.सिविल सर्जन ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सक समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मरीजों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं.यदि स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मरीज एवं उनके परिजन द्वारा दुर्व्यवहार एवं मारपीट किया जाता है,तो ऐसे में चिकित्सक कैसे अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर पाएंगे.सिविल सर्जन ने आमलोगों से अपील किया कि अस्पताल के सुचारू रूप से संचालन में स्वास्थ्यकर्मियों की मदद करें.साथ ही आश्वासन दिया कि अस्पताल के चिकित्सकों से लगातार बातचीत किया जा रहा है,जल्द ही अस्पताल में ओपीडी सेवा शुरू कर दी जाएगी.वहीं एसडीपीओ रजौली गुलशन कुमार ने बताया कि अस्पताल में ओपीडी सेवा का संचालन स्वास्थ्य विभाग का काम है.थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है.साथ ही उन्होंने बताया कि थानाध्यक्ष से आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर बातचीत करके अग्रतर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है.










