Er. Santosh Kumar
रजौली मुख्यालय अंतर्गत पुरानी बस स्टैंड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में बैंक कर्मियों द्वारा आम ग्राहकों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है.साथ ही आरबीआई के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए,बैंक के खास ग्राहकों को बैंक कर्मी अपने केबिन,जहां पैसों का लेखा-जोखा होता है,के अंदर घुसा कर तुरंत काम का निपटारा करते नजर आते हैं.इससे आम ग्राहकों में काफी रोष व्याप्त है.पीड़ित पुरानी बस स्टैंड निवासी संतोष कुमार ने बताया कि उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक में है.बीते कुछ दिनों से फोन पे के माध्यम से पैसों की लेनदेन में परेशानी हो रही थी.इस समस्या के समाधान हेतु वे शुक्रवार बैंक गए,जहां बैंक कर्मियों ने बिना सही जानकारी दिए विभिन्न काउंटर पर लंबे समय तक घुमाते रहे.
काउंटरों का चक्कर लगाने में हुई परेशानी :-
बैंक में स्थित काउंटर नंबर 7 पर रहे कर्मी ने ग्राहक की समस्या सुनकर कहा कि आपकी परेशानी काउंटर नंबर 5 पर होगी.काउंटर नंबर 5 पर जाने पर कहा गया कि आधार कार्ड और पैन कार्ड के साथ इनकम डिक्लेरेशन फॉर्म को भरकर जमा कर दें.जब ग्राहक द्वारा इनकम डिक्लेरेशन फॉर्म की मांग बैंक कर्मी से की गई,तो कहा गया कि काउंटर नंबर 7 से ले लीजिए.वहीं काउंटर नंबर 7 पर जाने पर कर्मी ने बताया कि वो फॉर्म बैंक के नीचे फोटो कॉपी की दुकान है,उसमें मिलेगी.ग्राहक ने बैंक के नीचे स्थित एक निजी दुकान से 10 रुपए में फॉर्म खरीदा और भरकर काउंटर नंबर 5 पर जमा किया.
ग्राहक ने बैंक कर्मी से कहा कि उन्हें कुछ पैसों की सख्त आवश्यकता है और उन्हें पासबुक बैंक द्वारा नहीं दिया गया है.बैंक कर्मी ने कहा कि आप निकासी फॉर्म भरकर दीजियेगा,तो बैंक से आप पैसा निकाल सकते हैं.फिर काउंटर संख्या 3 में 40 मिनट कतार में खड़े रहने के बाद बैंक कर्मी सुधीर कुमार द्वारा बताया गया कि बिना पासबुक के पैसों की निकासी संभव नहीं है,इसके लिए आप एक बैंक अधिकारी से पास करवाकर आइए.किंतु काउंटर संख्या 5 पर रहे बैंक कर्मी शंकर कुमार ने कहा कि बैंक मैनेजर ही साइन करके पास करते हैं और वो अनुपस्थित हैं.ग्राहक ने बताया कि जब बैंक कर्मी आरबीआई रूलिंग का हवाला देते हुए कहा कि बिना पासबुक के पैसों की निकासी नहीं हो सकती है,तो उन्हें घंटों काउंटरों का चक्कर क्यों लगवाया गया.साथ ही कहा कि क्या आरबीआई के नियम यह कहती है कि बैंक में लगने वाले फॉर्म आदि बाजार के दुकानों से अधिक कीमतों में खरीदकर लगवाएं.ग्राहक ने बताया कि बैंक कर्मियों का व्यवहार ग्राहकों के प्रति सरल होना चाहिए,किंतु बैंक कर्मी अपनी मनमानी से बैंक के प्रतिष्ठा को धूमिल करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं.वहीं बैंक में उपस्थित अन्य ग्राहकों ने कहा कि केवाईसी से लेकर अन्य फॉर्म को उन्हें बैंक के नीचे किसी निजी फोटो कॉपी की दुकान से 10 से 20 रुपए प्रति फॉर्म खरीदकर लाना पड़ता है.इससे लोगों को आर्थिक और मानसिक रूप से परेशानी होती है.
टोल फ्री नंबर और ईमेल पर की गई शिकायत :-
बैंक कर्मियों की मनमानी की शिकायत को लेकर ग्राहक संतोष कुमार द्वारा टोल फ्री नंबर 18001802222 पर कॉल किया गया.साथ ही Care@pnb.co.in पर शिकायत भी दर्ज कराई गई है।अब देखना है कि बैंक कर्मी ग्राहकों से फोटो कॉपी के दुकान से फॉर्म मंगवाते हैं या बैंक में उन्हें उपलब्ध करवाते हैं.
क्या कहते हैं सहायक बैंक प्रबंधक :-
इस बाबत पंजाब नेशनल बैंक रजौली के सहायक शाखा प्रबंधक कुंदन कुमार ने बताया कि हमारे द्वारा प्रतिदिन 50 कॉपी केवाईसी और इनकम डिक्लेरेशन फॉर्म निकालकर रखी जाती है.यदि बैंक के कर्मियों से किसी प्रकार की गलती हुई है,तो वे इसकी जांच करके अग्रतर कार्रवाई करेंगे.










