विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में पारदर्शिता पर रहेगा विशेष जोर,हर पात्र मतदाता को जोड़ने और अपात्र को हटाने की पहल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

संतोष कुमार

रजौली प्रखंड परिसर स्थित सभागार में शुक्रवार को विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर सीओ मो. गुफरान मजहरी की अध्यक्षता में बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ की बैठक सम्पन्न हुई.इस दौरान बीडीओ संजीव झा भी मौजूद रहे.इस अभियान के तहत हर पात्र मतदाता को जोड़ने और अपात्र को हटाने की पहल के साथ-साथ पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया गया.सीओ ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 25 जून से 30 सितंबर तक विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान शुरू कर दिया गया है.इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित,अद्यतन और पारदर्शी बनाना है,ताकि हर पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल हो और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम हटाया जा सके.बैठक में प्रत्येक मतदान केंद्र क्षेत्र में कार्यरत बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने और नाम जोड़ने,हटाने अथवा सुधार संबंधी फॉर्म वितरित करने की बात कही गई है.वहीं बीएलओ द्वारा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन निवास पर किया जायेगा और एकत्र फॉर्म को मोबाइल ऐप के माध्यम से निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (इआरओ) के पास भेजा जायेगा.इस बार पारदर्शिता बढ़ाने के लिए यह अनिवार्य किया गया है कि इआरओ द्वारा लिए गये निर्णयों से जुड़े दस्तावेज भी पोर्टल पर अपलोड किये जाएं,जिन्हें केवल अधिकृत अधिकारी ही देख सकेंगे.पुनरीक्षण के दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया है कि वृद्ध,बीमार,दिव्यांग,निर्धन और अन्य वंचित वर्गों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो,जरूरत के अनुसार स्वयंसेवकों की नियुक्ति की जायेगी.वहीं बीडीओ ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे प्रत्येक मतदान केंद्र पर अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करें,ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और प्रारंभिक स्तर पर ही त्रुटियों को सुधारा जा सके.

Bihar News 27
Author: Bihar News 27

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!