Er. Santosh Kumar
रजौली प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय और मध्य विद्यालयों में संचालित हो रहे मध्याह्न भोजन को लेकर चलाए जा रहे पायलट प्रोजेक्ट के नियमों धज्जियां उड़ाकर शिक्षकों को विद्यालय में उनके ज्वाइनिंग से पूर्व ही उन्हें एमडीएम प्रभारी बना दिया जा रहा है.प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों वरीय शिक्षक एवं शिक्षिकाओं द्वारा एमडीएम प्रभारी शंकर कुमार पर आरोप लगाया गया है कि वे शुभ-लाभ को लेकर अपने पसंदीदा शिक्षक व शिक्षिकाओं को एमडीएम का प्रभार दे रहे हैं.
ज्वाइनिंग से पहले दिया गया एमडीएम प्रभार :-
रजौली पूर्वी पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय झिरझो में पदस्थापित शिक्षक सुनील रविदास को उनके ज्वाइनिंग से पहले ही एमडीएम प्रभार,एमडीएम प्रभारी शंकर कुमार के द्वारा दे दिया गया.मिली जानकारी के अनुसार शिक्षक सुनील रविदास ने विद्यालय में बीते 1 अगस्त को ज्वाइन किया था,किंतु एमडीएम प्रभारी द्वारा विद्यालय के एमडीएम का प्रभार बीते 30 जुलाई को ही दे दिया गया.जबकि विद्यालय में और भी वरीय शिक्षक मौजूद थे,जिन्हें पायलट प्रोजेक्ट के तहत एमडीएम का प्रभार दिया जा सकता था.
बर्तन व किचेन सामग्री बेचकर भी किया जा रहा पैसों की उगाही :-
प्राथमिक विद्यालय झिरझो के वरीय शिक्षक सह प्रभारी प्रधानाध्यापक विक्रम कुमार ने बताया कि हमारे विद्यालय में पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक सुरेश कुमार बीते 1 जुलाई से निर्वाचन कार्य में व्यस्त थे.इस कारण एमडीएम का प्रभार मुझे सौंपा गया।मेरे द्वारा 31 जुलाई तक एमडीएम का संचालन किया गया.जुलाई माह में छात्र उपस्थिति पंजी के अनुसार वर्ग 1 से 5 तक 1446 बच्चे ही उपस्थित थे,किंतु अनैतिक लाभ को लेकर पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक सुरेश कुमार के द्वारा एमडीएम पंजी में 2546 बच्चों की उपस्थिति बताकर रिपोर्ट किया गया.यदि उनके कार्यकाल 2022 से लेकर जुलाई 2025 तक एमडीएम पंजी व मोबाइल से दिए गए आईबीआरएस की जानकारी का मिलान किया जाए,तो मामले में हुई घोटाले का उद्भेदन हो सकता है.सिर्फ इतना ही नहीं,स्थानांतरण के बाद विद्यालय का बर्तन सेट,बच्चों की थाली व अन्य किचेन सामग्री अपने साथ ले गए.इससे बच्चों को भोजन करने में बहुत परेशानी हो रही है.उन्होंने बताया कि एमडीएम प्रभारी शंकर कुमार के द्वारा अपनी करतूतों को छिपाने के लिए पूर्व प्रधानाध्यापक सुरेश कुमार का म्यूचुअल ट्रांसफर के आधार पर सुनील रविदास को बिना वरीय पदाधिकारी के आदेश पर एमडीएम का प्रभार ज्वाइनिंग से दो दिन पहले ही दे दिया गया.शिक्षक विक्रम कुमार ने बताया कि उक्त बातों की लिखित जानकारी जिलाधिकारी नवादा को भी दिया गया है और जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है.
क्या कहते हैं जिला शिक्षा पदाधिकारी :-
इस बाबत जिला शिक्षा पदाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है.लिखित आवेदन प्राप्त होने पर मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी.










