Er. Santosh Kumar
रजौली थाना क्षेत्र में कोडरमा-तिलैया रेलखंड का निर्माण कार्य विगत कई वर्षों से चल रहा है.इस रेलखंड में चार टनल का भी निर्माण कार्य किया जा रहा है,जिसमें टनल संख्या 04 की खुदाई का काम मजदूरों से करवाकर उनका बकाया 40 लाख रुपया कंपनी द्वारा नहीं दिया जा रहा है.पैसों की किल्लत के कारण मजदूरों में भुखमरी की नौबत आ गई है.वहीं भरी-भरकम कर्ज के तले दबे लेबर कॉन्ट्रैक्टर रुद्रनारायण मोदी बकाया पैसों को लेकर न्यायालय व थाना का दरवाजा खटखटा रहे हैं.
40 लाख रुपए बकाया नहीं देने से बढ़ी परेशानी :-
रेलखंड निर्माण में टनल संख्या 04 का निर्माण कार्य रेलवे द्वारा एसएसएनआर नामक कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया.एसएसएनआर कंस्ट्रक्शन कंपनी ने अपने कार्यों को करने के लिए मुंबई के इस्लामपुर के आदित्य कंस्ट्रक्शन नामक कंपनी को दिया.आदित्य कंस्ट्रक्शन कंपनी के एमडी विनोद कुमार श्रीवास्तव ने लेबर कॉन्ट्रैक्टर झारखंड के राजधनवार निवासी रुद्रनारायण मोदी को कार्य करने को कहा.लेबर कॉन्ट्रैक्टर ने वर्ष 2024 के नवंबर माह से मशीनरी और 25 कुशल मजदूरों की मदद से काम करना शुरू किया.इस दौरान वर्ष 2025 तक लगभग 40 लाख रुपया का बकाया रह गया.जब बकाए पैसे को लेबर कॉन्ट्रैक्टर रुद्रनारायण मोदी द्वारा आदित्य कंस्ट्रक्शन कंपनी के एमडी विनोद कुमार श्रीवास्तव से मांग की गई,तो पहले टालमटोल किया गया,फिर पैसे नहीं देने की बात कही गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई.
पैसे नहीं मिलने पर लेबर कॉन्ट्रैक्टर ने आत्महत्या करने की कही बात :-
पीड़ित लेबर कॉन्ट्रैक्टर ने बताया कि पैसों की किल्लत के कारण 25 मजदूरों में से मात्र 15 मजदूर ही साइट पर काम कर रहे हैं.उन्होंने कहा कि मजदूर अपनी जान को हथेली पर रखकर टनल की खुदाई करते हैं.यदि उन्हें समय पर मजदूरी नहीं दिया जाए,तो वे अपने परिवार का भरन पोषण कैसे कर पाएंगे.मजदूरों के मेंटेनेंस के कारण वे खुद भी काफी कर्ज में डूबे हुए हैं.उन्होंने कहा कि बकाए पैसे को लेकर आदित्य कंस्ट्रक्शन कंपनी को लीगल नोटिस एवं बीते 20 अगस्त को स्थानीय थाना रजौली में लिखित शिकायत भी की गई है.साथ ही बताया कि आदित्य कंस्ट्रक्शन के एमडी ने साइट पर के कर्मियों को बदल दिया है,जो पिछले काम के हिसाब से अनजान हैं और उनके पास बिल ले जाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देते हैं.लेबर कॉन्ट्रैक्टर ने बताया कि यदि कुछ दिनों में आदित्य कंस्ट्रक्शन के एमडी विनोद कुमार श्रीवास्तव द्वारा बकाया पैसे नहीं दिया जाता है,तो वे आत्महत्या कर लेंगे और इसकी जवाबदेही आदित्य कंस्ट्रक्शन कंपनी के एमडी पर होगी.
क्या कहते हैं कंपनी के एमडी :-
इस बाबत आदित्य कंस्ट्रक्शन कंपनी के एमडी विनोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बीते 15 वर्षों से रुद्रनारायण मोदी को जान रहा हूं.किंतु उसके द्वारा काम का बिल नहीं दिया गया और ना ही हिसाब-किताब हुआ है.साथ ही बताया कि लेबर कॉन्ट्रैक्टर द्वारा मुझे ब्लैकमेल कर पैसों की मांग की जा रही है.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष :-
इस बाबत थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि बकाए पैसे को लेकर लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है.पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.










