संतोष कुमार
रजौली प्रखण्ड मुख्यालय स्थित इंटर विद्यालय में बिहार सरकार के सात निश्चय योजना अंतर्गत आर्थिक हल युवाओं को बल के तहत 120 छात्र-छात्राओं का काउंसिलिंग डीआरसीसी नवादा के द्वारा किया गया.इस दौरान डीआरसीसी नवादा के सहायक प्रबंधक नीलू कुमारी,बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम के सहायक प्रबंधक विकाश कुमार,नगर पंचायत पदाधिकारी राजेश व बड़ा बाबू प्रभु कुमार,इंटर विद्यालय के शिक्षक संजीव कुमार रंजन व त्रिवेणी प्रसाद भी मौजूद रहे.

डीआरसीसी के सहायक प्रबंधक नीलू कुमारी ने बताई कि इंटर पास छात्र-छात्राओं के लिए बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड,स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया.उन्होंने कहा कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत जिले के वैसे विद्यार्थी जिन्होंने 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की हो तथा उच्च शिक्षा हेतु ऋण लेने के लिए इच्छुक हो,उन विद्यार्थियों को बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम लिमिटेड के माध्यम से चार लाख रुपये तक की शिक्षा ऋण उपलब्ध करने की सुगम व्यवस्था की गई है.वहीं स्वयं सहायता भत्ता योजना के तहत 20 वर्ष से 25 वर्ष तक के इंटर पास छात्र-छात्राओं को रोजगार तलाशने के दौरान सहायता के तौर पर 2 वर्षों तक एक हजार रुपये प्रति माह के दर से स्वयं सहायता भत्ता दिया जाना है.वहीं कुशल युवा कार्यक्रम के तहत दसवीं कक्षा उत्तीर्ण 15 वर्ष से 30 वर्ष के बेरोजगार युवा एवं युवतियों को कुशल विकास का प्रशिक्षण दिया जाना है.इस दौरान नगर पंचायत समेत रजौली पश्चिमी एवं शिरोडावर पंचायत के 120 छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.










