संतोष कुमार
रजौल थाना क्षेत्र के हरदिया पंचायत स्थित फुलवरिया डैम के पार सुरांगो पहाड़ के समीप थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने 620 लीटर देशी महुआ शराब लदे पांच बाइकों को जब्त किया.साथ ही तीन शराब धंधेबाजों को भी गिरफ्तार किया गया.एकतरफ बेहिसाब मुनाफा को लेकर सुदूरवर्ती एवं जंगली क्षेत्रों में शराब निर्माण व भण्डारण रुकने का नाम नहीं ले रहा है,तो दूसरी ओर पुलिस बल भी शराब धंधेबाजों पर शिंकजा कसने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं.फुलवरिया डैम के रास्ते सुदूरवर्ती बिहार-झारखण्ड के जंगली क्षेत्रों में शराब निर्माण कर रजौली एवं अन्य क्षेत्रों में भेजा जा रहा है.थानाध्यक्ष ने बताया कि शुक्रवार की संध्या जंगली रास्तों के द्वारा शराब की खेंप को लेकर गुप्त सूचना मिली.सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई को लेकर थाने में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बलों के साथ छापेमारी की गई.थानाध्यक्ष ने बताया कि सुरांगो पहाड़ के समीप कुछ बाइकसवार पुलिस बलों को देखकर इधर उधर भागने लगे,जिसका पुलिस बलों के द्वारा पीछा किया गया एवं तीन लोगों को हिरासत में लिया गया.वहीं जांच के क्रम में पांच बाइकों पर लदे कुल 620 लीटर देशी महुआ शराब बरामद किया गया.वहीं गिरफ्तार शराब धंधेबाजों की पहचान फुलवरिया गांव निवासी फागुन मांझी के पुत्र समली मुसहर,अरविंद मुसहर के पुत्र सुनील कुमार एवं दिलीप शर्मा के पुत्र धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है.थानाध्यक्ष ने कहा कि जब्त शराब व बाइक के अलावे गिरफ्तार एवं फरार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.वहीं तीनों गिरफ्तार शराब धंधेबाजों को शनिवार को अनुमंडलीय अस्पताल में स्वास्थ्य जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.










