Er. Santosh Kumar
रजौली थाना क्षेत्र के हरदिया सेक्टर बी के समीप एनएच-20 पर रॉन्ग साइड में रहे टोटो में अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।यह दुर्घटना रविवार की देर शाम 6:30 बजे हुई।घटना के तुरंत बाद हाइवे पेट्रोलिंग में रहे कॉन्स्टेबल आत्माराम गोंड व चालक रविन्द्र प्रसाद पहुंचे।वहीं फोरलेन के समीप रहने वाली एक युवती के सहयोग से घायल टोटो चालक को इलाज हेतु अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया।अस्पताल में ड्यूटी में रहे चिकित्सक डॉ. अभिप्राय चौधरी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायल टोटो चालक की पहचान होरिला गांव निवासी स्व. किशुन राम के पुत्र राजेंद्र राम उर्फ राजो है।घायल टोटो चालक के सिर में गम्भीर चोटें आई है,जिसका प्राथमिक इलाज कर बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल नवादा रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टोटो कोडरमा की ओर से रॉन्ग साइड में था और घटनास्थल के समीप बने कट से सही दिशा में मुड़ने ही वाला था कि नवादा की ओर से आ रही एक अज्ञात ट्रक ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी
वहीं अस्पताल परिसर में घायल टोटो चालक को टेम्पो से लेकर आई मौसम कुमारी ने बताई कि उसका घर फोरलेन के बगल में ही है।शाम को वे अपने परिजनों के साथ घर पर ही थी,इसी बीच सड़क की ओर से एक भयानक आवाज सुनाई दी।जब वे बाहर निकली,तो देखी की एक टोटो चालक सड़क पर दर्द से तड़प रहा है एवं आसपास खून बिखरा हुआ है।युवती ने तुरंत एम्बुलेंस के टोल फ्री नंबर पर कॉल किया,किंतु देरी होने के कारण एक टेम्पो की मदद से घायल को अस्पताल में इलाज हेतु भर्ती कराई।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर थाने में पदस्थापित एएसआई संजय कुमार एवं चौकीदार मनोज कुमार पंडित को घटनास्थल पर भेजा।पुलिस बलों के सहयोग से दुर्घटनाग्रस्त टोटो को सड़क किनारे कर आवागमन को संचालित किया गया।थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल टोटो चालक के परिजनों को सूचित कर अस्पताल बुलाया गया है।पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुटी हुई है।










