Er. Santosh Kumar
रजौली मुख्यालय स्थित अनुमंडलीय अस्पताल सह ट्रामा सेंटर में बीते शनिवार की देर शाम चिकित्सक के साथ मरीज द्वारा मारपीट करने के मामले को लेकर चिकित्सकों ने ओपीडी सेवा को बंद कर दिया है.वहीं आरोपी अदलबिगहा गांव निवासी अर्जुन यादव के पुत्र सुरेश यादव की गिरफ्तारी एवं चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षा मुहैया कराने को लेकर अस्पताल में सोमवार से 72 घंटों के लिए ओपीडी सेवाएं बंद कर दी गई है.अस्पताल में आपातकालीन सेवाएं सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है.
अस्पताल में बंद है ओपीडी :-
सोमवार को सुबह 8 बजे ओपीडी में डॉ. श्यामनंदन प्रसाद,डॉ. गुलाम अनीश एवं डॉ. अभिप्राय चौधरी अपने कक्ष में एकसाथ बैठे दिखाई दिए.चिकित्सकों ने बताया कि आपातकालीन सेवाएं मरीजों को दी जा रही है।वहीं दूर-दराज से आए दर्जनों मरीज बिना इलाज करवाए बैरंग वापस अपने-अपने घर चले गए.कुछ ज्यादा परेशान मरीजों ने नजदीकी के मेडिकल दुकानों से दवाई भी खरीदते नजर आए.अस्पताल में ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर एवं दवाई कक्ष भी बंद पड़ा हुआ है.
बिना इलाज वापस लौट रहे मरीज :-
अस्पताल परिसर में परसा गांव से आई सलोनी कुमारी ने बताई कि उनको कान में बीते दो दिनों से दर्द है.वे अपना इलाज करवाने अस्पताल आई थी,जिन्हें बिना इलाज के वापस लौट जाना पड़ा.वहीं बारा गांव निवासी बाबूलाल यादव ने बताया कि उन्हें कमर में बहुत दर्द है और बुखार से पीड़ित हैं.अस्पताल पहुंचने पर उन्हें चिकित्सकों ने गुरुवार को आकर इलाज करवाने को कहा.बुजुर्ग ने बताया कि अब निजी चिकित्सक से ही इलाज करवाना पड़ेगा.
क्या कहते हैं प्रभारी डीएस :-
अस्पताल के प्रभारी डीएस डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि शनिवार को ड्यूटी में रहे चिकित्सक डॉ. अनुज कुमार के साथ हुई मारपीट के विरुद्ध में चिकित्सकों के द्वारा ओपीडी सेवाएं बंद कर दी गई है.चिकित्सकों की मुख्य मांगों में मारपीट व तोड़फोड़ करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी एवं अस्पताल परिसर में स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षा मुहैया शामिल है.साथ ही बताया कि यदि 72 घंटे के अंदर आरोपी की गिरफ्तारी एवं सुरक्षा मुहैया से संबंधित बातें होती है,तो ओपीडी सेवाओं को चालू कर दिया जाएगा.ओपीडी बंद होने की सूचना जिलाधिकारी नवादा,पुलिस अधीक्षक नवादा,सिविल सर्जन नवादा एवं एसडीएम रजौली को दी गई है.साथ ही बताया कि यदि चिकित्सकों की मांगों को पूरा नहीं किया गया,तो ओपीडी सेवाएं अनिश्चितकालीन के लिए बंद रहेगी.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष :-
इस बाबत थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित चिकित्सक द्वारा प्राप्त आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.साथ ही कहा कि वरीय पदाधिकारी के द्वारा निर्देश मिलने पर आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी.










