Er. Santosh Kumar
रजौली के पुरानी बस स्टैंड में शनिवार की सुबह एक टोटो और बाइक की मामूली टक्कर के बाद उपजा विवाद हिंसक हो गया, जिसमें बाइक सवार को बुरी तरह पीटा गया.इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.यह घटना सुबह करीब 9 बजे हुई.घायल युवक की पहचान पुरानी बस स्टैंड निवासी स्वर्गीय लाक्षो चौधरी के पुत्र विनोद चौधरी के रूप में हुई है.वहीं, टोटो चालक की पहचान माल टोला निवासी दिलीप ठठेरा के रूप में हुई है.
दुर्घटना कैसे बदला हिंसक झड़प में :-
घायल विनोद चौधरी ने बताया कि जब वह बाईपास स्थित अपने घर जा रहे थे,तभी टोटो संख्या बीआर 02 ईआर 1954 को चालक दिलीप ठठेरा ने अचानक गाड़ी मोड़ दी.इससे उनकी बाइक टकरा गई और वह सड़क पर गिर पड़े.विनोद ने जब टोटो चालक को संभलकर गाड़ी चलाने की सलाह दी, तो दिलीप ठठेरा भड़क गए.इसके बाद, दिलीप ने अपने बेटों – नागो उर्फ नागेश्वर ठठेरा और सोनू कुमार-को लाठी लाकर दिया और पीटने को कहा.पिता के कहने पर दोनों बेटों ने विनोद को जमीन पर घसीटा और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे वह लहूलुहान हो गए.हमले में उनके सिर फट गया और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के गंभीर निशान हैं.स्थानीय लोगों को इकट्ठा होते देख,हमलावर टोटो को वहीं छोड़कर भाग गए.
पुलिस ने शुरू की जांच:-
स्थानीय लोगों की मदद से घायल विनोद को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया.ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. निवेदिता नंदिनी ने बताया कि विनोद के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें हैं.उनका प्राथमिक इलाज कर दिया गया है.पीड़ित विनोद चौधरी ने इस घटना को लेकर रजौली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पीटीसी राजकुमार पासवान को तुरंत घटनास्थल पर जांच के लिए भेजा गया है, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके.










