‘छपरी’ बाइकर्स के विरुद्ध आरटीओ का चलाया अभियान,सड़कों पर रोक वसूला गया जुर्माना,नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहनों से पांच माह में वसूले 33 लाख

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

संतोष कुमार

रजौली की सड़कों पर बेलगाम दौड़ने वाले ‘छपरी’ बाइकर्स अब आरटीओ के निशाने पर हैं। जिला परिवहन पदाधिकारी नवीन कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आरटीओ संदीप कुमार ने ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ एक विशेष अभियान छेड़ रखा है, जिसके तहत महादेव मोड़ पर जबरदस्त कार्रवाई की गई। इस दौरान न सिर्फ चालान काटे गए, बल्कि युवाओं को यातायात नियमों का पाठ भी पढ़ाया गया।

चार सवारी,बिना हेलमेट -आरटीओ ने तुरंत रोका :-

सोमवार शाम को महादेव मोड़ पर आरटीओ संदीप कुमार अपनी टीम के साथ मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने एक बाइक पर चार युवाओं को सवार देखा, जो बिना किसी परवाह के आगे बढ़ रहे थे। तुरंत उन्हें रोका गया, पूछताछ की गई और सख्त हिदायत के साथ उन पर जुर्माना लगाया गया। आरटीओ ने युवाओं को साफ शब्दों में समझाया कि बाइक चलाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस होना बेहद जरूरी है और अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि ओवर-स्पीडिंग जानलेवा हो सकती है, इसलिए यातायात के सभी नियमों का पालन करना हर चालक की जिम्मेदारी है।

डर से भागने लगे ‘छपरी’ बाइकर्स:-

आरटीओ की इस अचानक कार्रवाई को देख कई ‘छपरी’ बाइकर्स और बिना हेलमेट वाले चालक इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ गलियों में घुस गए, तो कुछ ने रास्ता बदल लिया, लेकिन प्रशासन की मुस्तैदी के आगे उनकी एक न चली। स्थानीय लोगों ने भी आरटीओ की इस मुहिम का दिल खोलकर स्वागत किया। उनका कहना था कि ऐसे लापरवाह बाइकर्स न सिर्फ अपनी, बल्कि दूसरों की जान भी जोखिम में डालते हैं, इसलिए इन पर कड़ी कार्रवाई होनी ही चाहिए।

सुरक्षित सड़कों के लक्ष्य में 33 लाख रूपये का वसूला राजस्व :-

आरटीओ संदीप कुमार ने बताया कि बीते पांच महीनों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों से कुल 33 लाख रूपये का भारी-भरकम राजस्व जुर्माने के तौर पर वसूला गया है। यह आंकड़े बताते हैं कि प्रशासन अब परिवहन नियमों को लेकर कोई ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।आरटीओ का कहना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई का दोहरा लाभ है – एक तरफ सरकार को राजस्व मिल रहा है, वहीं दूसरी तरफ सड़कों पर बढ़ती दुर्घटनाओं को कम करने में भी मदद मिल रही है।प्रशासन की इस मुहिम से उम्मीद है कि रजौली की सड़कें भविष्य में और अधिक सुरक्षित बनेंगी।

Bihar News 27
Author: Bihar News 27

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!