संतोष कुमार
रजौली थाना क्षेत्र में 20 जुलाई की सुबह दरियापुर गांव निवासी संजय कुमार उर्फ छोटी के शव बरामदगी के मामले में पुलिस ने 10 दिनों के भीतर एक आरोपीत को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है.बता दें कि संदिग्ध मौत के बाद से इलाके में तनाव का माहौल था, जिसे देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है.मृतक संजय कुमार, जो पेशे से मोटर मिस्त्री थे, का शव लेंगूरा पंचायत के कुतलुपुर पाइन में पाया गया था.संजय के बड़े भाई उदय कुमार ने तत्काल थाना में लिखित आवेदन देकर तारगीर गांव के चार युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्तों में से एक, सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.सौरभ, तारगीर गांव निवासी अमरेश प्रसाद उर्फ दारा का पुत्र है.मंगलवार को स्वास्थ्य जांच के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन अनुसंधान जारी है.उन्होंने विश्वास दिलाया कि अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस मामले में न्याय सुनिश्चित किया जाएगा.इस गिरफ्तारी से पुलिस पर लोगों का भरोसा बढ़ा है और उम्मीद है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होगा.










