नदी द्वारा मिट्टी के कटाव से डगमगा रहे कर्बला नगर के घरों के नींव,बाढ़ नियंत्रण का दावा फेल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

संतोष कुमार

रजौली प्रखण्ड क्षेत्र में नदियों में आई बाढ़ के कारण तटीय क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर मिट्टी का कटाव हुआ है।मिट्टी का कटाव इतना ज्यादा है कि कर्बला नगर में निर्मित दर्जनों घरों की नींव डगमगा रही हैं।
ग्रामीणों, जिनमें मो. सलीमुद्दीन, साहब खां, काजल परवीन, वसीम, शबाना खातून, मुमताज आलम और अन्य शामिल हैं, ने बताया कि बीते कई दिनों से हो रही बारिश के कारण नदी किनारे की भूमि का कटाव काफी तेजी से हो रहा है। ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अभी बारिश का मौसम आधा ही खत्म हुआ है और हालात इतने बुरे हैं कि वे सभी काफी डरे हुए हैं। उन्हें डर है कि यदि इसी रफ्तार से मिट्टी का कटाव जारी रहा, तो वह दिन दूर नहीं जब उनके घरों की नींव धराशाही हो जाएगी।यदि मोहल्ले में एक घर धराशाही होता है, तो आसपास के घरों को भी काफी नुकसान पहुंचने की संभावना है।कुछ ग्रामीणों ने बताया कि बारिश और बाढ़ आने से पहले बाढ़ नियंत्रण केंद्र नालंदा से कुछ इंजीनियर और पदाधिकारी आए थे। उनके द्वारा प्लास्टिक के बोरों में बालू भरकर मिट्टी के कटाव को रोकने की बात कही गई थी। पदाधिकारियों द्वारा प्राप्त निर्देश के आलोक में कुछ प्लास्टिक के बोरों में बालू को भरकर नदी किनारे रखा गया था, जो पूर्णतः विफल साबित हो रही है।ग्रामीणों ने तेज रफ्तार से हो रही मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए प्रखण्ड विकास पदाधिकारी के पास 52 ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त लिखित आवेदन देकर नदी किनारे दीवार निर्माण करने की अपील की है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि मिट्टी के कटाव को नहीं रोका गया, तो नदी में आई बाढ़ के कारण उनके घरों को काफी नुकसान पहुंच सकता है और जन-जीवन भी काफी प्रभावित हो जाएगा।

क्या कहते हैं पदाधिकारी:-

इस बाबत प्रखण्ड विकास पदाधिकारी संजीव झा ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं कर्बला नगर की वस्तुस्थिति बताए जाने पर उन्होंने कहा कि स्थल निरीक्षण के बाद अग्रतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Bihar News 27
Author: Bihar News 27

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!