मनीष कुमार,रजौली(नवादा)
रजौली थाना क्षेत्र के धमनी पंचायत के जंगली क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला करने और एससी-एसटी एक्ट के तहत फरार चल रहे एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान छतनी गांव निवासी रूपलाल यादव के पुत्र विकास यादव के रूप में हुई है। छतनी निवासी राजेंद्र रजक के पुत्र पवन कुमार ने थाना में लिखित आवेदन दिया था। पवन कुमार ने बताया था कि बीते 3 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7 बजे वह अपने बड़े भाई पंकज कुमार के साथ घर में खाना बनाने के लिए जंगल से सूखी लकड़ी लेकर लौट रहा था। इसी दौरान भलुआही गांव के पास विकास यादव, उसका भांजा रोहित कुमार और अन्य लोगों ने गाली गलौज करते हुए लाठी-डंडे और लात-घूंसों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पंकज कुमार लहूलुहान हो गया,जबकि डरकर पवन कुमार झाड़ी में छिप गया। आरोपियों ने पंकज कुमार को मारपीट करते हुए जातिसूचक गालियां दीं और घसीटते हुए जंगल की ओर ले गए। पवन ने घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने गंभीर रूप से घायल पंकज को जंगल किनारे नाले के पास से बरामद किया। उसे इलाज के लिए रजौली अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी बीच गुप्त सूचना मिली कि प्राथमिकी अभियुक्त विकास यादव गांव में है। पुलिस बलों के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार विकास यादव को मेडिकल जांच के बाद रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है एवं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।









