Er. Santosh Kumar
रजौली प्रखंड क्षेत्र के हरदिया पंचायत अंतर्गत हरदिया सेक्टर-ए में सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है,किंतु ग्रामीणों द्वारा सड़क की भूमि का अतिक्रमण किए जाने से 40 फीट की सड़क काफी संकीर्ण हो गई है.इसको लेकर जदयू के जिला सचिव वासुदेव रजक ने पुनर्वास पदाधिकारी सह सिंचाई प्रमंडल रजौली एवं अनुमंडल पदाधिकारी रजौली को लिखित आवेदन देकर बताया कि हरदिया सेक्टर-ए में एनएच-20 से लेकर नदी किनारे तक सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है.किंतु ग्रामीणों द्वारा लकड़ी,लोहे के तार,बांस आदि से सड़क की भूमि का अतिक्रमण कर लिया गया है.अतिक्रमण के बाद सड़क की भूमि को लोग अपनी भूमि बता रहे हैं.अतिक्रमण के कारण सड़कें इतनी संकीर्ण हो चुकी है कि यदि सड़क पर कोई चारपहिया वाहन गुजरे,तो सामने से आ रहे बाइक आदि को भी जगह नहीं मिल पाती है.जिला सचिव ने बताया कि उक्त रास्ते से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है एवं दुर्घटना का खतरा मंडराते रहता है.इस बाबत अनुमंडल पदाधिकारी स्वतंत्र कुमार सुमन ने बताया कि ग्रामीण द्वारा सड़क के अतिक्रमण को लेकर लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है.साथ ही बताया कि आवेदन के आलोक में संबंधित पदाधिकारी को दिशा-निर्देश दिया गया है.जांच-पड़ताल के बाद सड़क की भूमि को अतिक्रमणमुक्त करवाया जाएगा.










