Er. Santosh Kumar
रजौली प्रखंड मुख्यालय स्थित इंटर विद्यालय रजौली,रजौली पश्चिमी पंचायत स्थित मनरेगा भवन,लेंगुरा स्थित दुर्गा मंडप,हरदिया स्थित पंचायत भवन एवं सलेमपुर स्थित भूतनाथ मंदिर के समीप मंगलवार को एलईडी और कमरे की मदद से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विद्युत उपभोक्ताओं से संवाद किया।इस दौरान एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन,बीडीओ संजीव झा,विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार,सहायक अभियंता राहुल कुमार एवं कनीय अभियंता भुवनेश्वर कुमार के अलावे भाजपा जिला महामंत्री गौरव शांडिल्य गगन भी मौजूद रहे।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए 125 यूनिट मुफ्त बिजली,पहले से बेहतर हुई बिजली व्यवस्था,हर घर बिजली योजना आदि को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यपालक अभियंता ने बताया कि रजौली प्रखंड समेत विद्युत आपूर्ति प्रमंडल अंतर्गत सिरदला,अकबरपुर,गोविंदपुर,हिसुआ,मेसकौर,नारदीगंज एवं नरहट में कुल 37 जगहों पर संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन हुआ।संवाद कार्यक्रम के दौरान सभी जगहों पर उपभोक्ताओं के बैठने के लिए वॉटरप्रूफ पंडाल के नीचे कुर्सी,पंखा,कूलर आदि की व्यवस्था दिखाई दी।उपभोक्ताओं के लिए चाय,बिस्किट एवं पेयजल की भी पर्याप्त व्यवस्था रही।ग्रामीण अपने नजदीकी संवाद कार्यक्रम में पहुंच राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे 125 यूनिट बिजली के अनुदान के बारे में पूरी जानकारी ली।उपभोक्ताओं को संवाद कार्यक्रम मे निःशुल्क बिजली एवं सौर उर्जा के बारे मे मुख्यमंत्री के साथ-साथ विभागीय लोगो द्वारा जानकारी दी गई, जिससे स्थानीय लोगो मे काफी उत्साह देखने को मिला।इस संवाद कार्यक्रम में महिलाओं की उपस्थिति ज्यादा रही।
बताते चलें कि जुलाई माह की बिजली खपत को आधार मानकर रजौली विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के 48762 उपभोक्ताओं में 18773 उपभोक्ताओं को अगस्त माह में शून्य बिल आया है।










