संतोष कुमार
रजौली प्रखंड क्षेत्र के अमावां स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में जन आरोग्य समिति के द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं की सुदृढ़ीकरण एवं जन समुदाय के आकांक्षाओं पर चर्चा के लिए जनसंवाद का आयोजन किया गया।इस जनसंवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सौरभ कुमार निराला ने किया।वहीं पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया की प्रतिनिधि शिला कुमारी के द्वारा तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पीएचसी प्रभारी एवं मुखिया फुलवा देवी ने संयुक्त रूप से दीपक जलाकर किया।जनसंवाद कार्यक्रम में मौजूद समुदाय के लोगों को जन संवाद के महत्व एवं इसकी उपलब्धियां के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया।सीएचओ रुपाली कुमारी के द्वारा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में उपलब्ध सेवाओं के बारे में बताया गया।उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष आयोजित जनसंवाद में उठाई गई समस्याओं के आलोक में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को चारदीवारी से घेराव किया जा रहा है,पीने के लिए स्वच्छ जल की व्यवस्था की गई है एवं मरीजों व उनके साथ आये परिजनों के लिए प्रतीक्षालय का निर्माण किया जा चुका है।वहीं इस बार के जनसंवाद में लोगों द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं पर अनुभव का साझा किया गया।साथ ही सेंटर पर अलग से निबंधन काउंटर,शेड का निर्माण,चिकित्सक की उपलब्धता,जमीन पर फेबर ब्लॉक लगवाना एवं योग के लिए शेड निर्माण की मांग उठाई गई,जिसके बाद पीएचसी प्रभारी एवं जनप्रतिनिधियों के द्वारा इसे बहाल करने को लेकर निर्णय लिया गया।इस दौरान पंचायत समिति प्रमोद कुमार,जीविका से प्रीति कुमारी व रितेश कुमार,जीएनएम अरुण कुमार व राधिका कुमारी के अलावे ग्रामीण गुड्डू राय,कृष्णकांत पाण्डेय,न्यूटन कुमार,पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया की राज्य प्रतिनिधि शिल्पी मिश्रा व नवीन कुमार पाण्डेय,पंचायत की आशा एवं आशा फैसिलिटेटर समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।










