मनीष कुमार(बिहार)
मातृ शक्ति दिवस के पावन अवसर पर छठ पूजा समिति के सदस्यों ने मानवता और सेवा की मिसाल पेश करते हुए रक्तदान किया। माहुरी टोला रजौली नीचे बाजार निवासी मिठू प्रसाद की पत्नी माधुरी कुमारी का हीमोग्लोबिन अचानक काफी कम हो गया था। जानकारी मिलते ही समिति के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए रक्त की व्यवस्था कर महिला की जान बचाई। मिठू प्रसाद ने बताया कि छठ पूजा समिति कई सालों से जरूरतमंदों को खून की कमी होने पर मदद करती आ रही है। पत्नी की हालत बिगड़ने पर उन्होंने उम्मीद के साथ समिति के उपाध्यक्ष संदीप वर्मा को फोन किया। कुछ घंटों के भीतर ही रक्तदान की व्यवस्था कर दी गई। उपाध्यक्ष संदीप वर्मा ने बताया कि कॉल आते ही उन्होंने तुरंत समिति के सदस्य पिंटू चौधरी को फोन किया। पुरानी बस स्टैंड निवासी पिंटू चौधरी बिना कोई सवाल किए तीसरी बार रक्तदान के लिए तैयार हो गए और मातृ दिवस पर एक मां की जान बचाई। श्री सूर्य नारायण देव मंदिर के उप सचिव मनीष सिंह ने लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। इससे कई जरूरतमंदों की जान बचाई जा सकती है। छठ पूजा समिति के अध्यक्ष राजा सिंह ने मातृ शक्ति को सम्मान देते हुए समाज सेवा का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्य लगातार किए जाएंगे। समिति के सदस्य निशांत रायल, छोटू वर्मा, जय राम सिंह, बिट्टू कुमार, गौतम ताती, राजेश कुमार, धोनी यादव और अनुज एयरटेल लगातार सेवा कार्य में लगे रहते हैं। श्री सूर्य नारायण देव मंदिर के सचिव अरविंद विश्वकर्मा ने लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की। संदीप वर्मा ने कहा कि अगर हमारे प्रयास से किसी का भला हो सके तो हमें जरूर करना चाहिए। दरिया बनकर किसी को डुबाने से बेहतर है जरिया बनकर किसी को बचाया जाए। किसी की जान बचाने के लिए वे किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्होंने स्थानीय विधायक विमल राजवंशी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रमोद चंद्रवंशी और अन्य समाजसेवियों व पदाधिकारियों से अनुरोध किया कि रजौली के 75 बेड वाले अनुमंडलीय अस्पताल में ब्लड बैंक खुलवाया जाए। रजौली में अक्सर लोगों को खून की जरूरत पड़ती है। ऐसे में दिन रात देखे बिना पावापुरी, पटना, नवादा, गया, कोडरमा और अन्य जगहों पर जाकर रक्त दिलवाना पड़ता है।









