दो रायफल,20 कारतूस के साथ भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त
एसटीएफ और रजौली पुलिस बलों की संयुक्त कार्रवाई
कुमार मनीष देव,रजौली(नवादा)
रजौली थाना क्षेत्र के हरदिया गांव से एसटीएफ एवं पुलिस बलों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बीते शुक्रवार की रात्रि पीएलएफआई नक्सल संगठन के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है. साथ ही दो रायफल,20 कारतूस समेत भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री के साथ कई प्रतिबंधित सामग्रियों को जब्त किया है. एसडीपीओ रजौली गुलशन कुमार के निर्देश पर छापेमारी दल का नेतृत्व थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने किया. छापेमारी दल में थानाध्यक्ष के साथ एसटीएफ बलों के अलावे अपर थानाध्यक्ष एसआई अजय कुमार व पीएसआई सचिन कुमार के साथ सशस्त्र पुलिस बल मौजूद रहे.
थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि रजौली थाना क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों को लेकर गुप्त सूचना मिल रही थी. गुप्त सूचना के आलोक में एसटीएफ और पुलिस बलों के सहयोग से संयुक्त छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान पीएलएफआई नक्सल संगठन के दो सदस्यों हरदिया गांव निवासी स्व. रामेश्वर राजवंशी के पुत्र दयानंद राजवंशी उर्फ गुर्जर उर्फ पप्पू एवं सादो राजवंशी के पुत्र मिथलेश राजवंशी को गिरफ्तार किया गया है. साथ ही थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों के निशानदेही पर हरदिया पंचायत स्थित फुलवरिया डैम के समीप जंगली क्षेत्र भानेखाप से भारी मात्रा में अवैध आग्नेयास्त्र एवं विस्फोटक सामग्री बरामद किया गया है. जब्त सामग्रियों में 0.315 के दो रेगुलर रायफल एवं 20 जिंदा कारतूस,बुलेटप्रूफ प्लेट के साथ एक टेक्टिकल गियर,एक बुलेटप्रूफ पटका,9 डेटोनेटर,325 पैकेटों में बंद 40.625 किलोग्राम विस्फोटक एवं 100 मीटर कोर्डेक्स शामिल है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों सक्रिय नक्सलियों से आवश्यक पूछताछ के बाद शनिवार को स्वास्थ जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार के नक्सल गतिविधियों को बख्शा नहीं जाएगा.










