Er. Santosh Kumar
रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी से महज 300 मीटर दूर गुरुवार की अहले सुबह लगभग 4 बजे एक अनियंत्रित ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।इस दुर्घटना में गौशाला में बंधे तीन मवेशियों के ट्रक के नीचे आने से मौत हो गई है,जबकि एक मवेशी घायल है।
गौपालक चितरकोली निवासी मुसाफिर यादव ने बताया कि उनका घर सड़क के किनारे है और वे अपने गौशाला में मवेशियों को बांध कर रखा करते हैं।अहले सुबह एक धमाकेदार आवाज के साथ उनकी नींद खुली और जब वे बाहर आकर देखे,तो सेब से भरा ट्रक संख्या जेके02बीयू 5817 उनके गौशाला के ऊपर गिरा पड़ा था।दुर्घटनाग्रस्त के सभी चक्के ऊपर हवा में घूम रहे थे और ट्रक के नीचे एक गाय और दो भैंस दबकर मर चुका था एवं एक बैल घायल है।गौपालक ने बताया कि ट्रक में सवार तीनों लोग सुरक्षित हैं।
वहीं दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में सवार जम्मू के अरविंद शर्मा ने बताया कि वे कश्मीर से कोलकात्ता जा रहे थे,इसी बीच वे मुजफ्फरपुर से रास्ता भटक गए और वे नवादा कोडरमा होते हुए कोलकात्ता जा रहे थे।वहीं जांच चौकी को पार करने के दौरान सामने से आ रही अज्ञात ट्रक द्वारा चकमा दिए जाने से वे दुर्घटनाग्रस्त हो गए।ट्रक में अरविंद के अलावे और दो लोग सवार थे,जो सुरक्षित हैं।
इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष एसआई अजय कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिली है।पुलिस बलों को घटनास्थल पर भेजा गया है। क्रेन के सहारे ट्रक के नीचे दबे मवेशियों को निकाला जाएगा।उसके बाद अग्रतर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।










