Er. Santosh Kumar
रजौली थाना क्षेत्र के फरका बुजुर्ग के चंपाकली गांव में बीते शनिवार की देर रात्रि लगभग दो बजे ट्रैक्टर पलटने के कारण हुई दुर्घटना में चालक की मौत हो गई।घटना की जानकारी सुबह में ग्रामीणों को हुई,उसके बाद थाना को सूचित किया गया।मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के राय बरेली जिले के गुरु बॉकगंज थाना क्षेत्र के बिराहिमपुर गांव निवासी राजाराम के 39 वर्षीय पुत्र राम किशोर के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक रामकिशोर फरका बुजुर्ग पंचायत के ईंट भट्ठा पर ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्यरत था।बीते रात्रि वह अपने एक साथी को ढूंढने के लिए ट्रैक्टर चलाकर ढूंढने के लिए निकले थे।इसी बीच वे संकीर्ण रास्तों में फंस गए और ट्रैक्टर को पीछे करने के क्रम में ट्रैक्टर पलटते हुए पानी वाले कनाल में जा गिरा और चालक पानी में दबकर रह गया।
सुबह जब ग्रामीणों ने यह नजारा देखा,तो ट्रैक्टर चालक को बचाने के उद्देश्य से बाहर निकाला,किंतु तब तक चालक की मौत हो चुकी थी।ग्रामीणों ने कहा कि फरका बुर्जुग के गौरी ईंट भट्ठा,काशी ईंट भट्ठा एवं जेबीएम ईंट भट्ठा में उत्तर प्रदेश के रायबरेली से कुल 9 ट्रैक्टर ईंट ढुलाई का काम करते हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर दुर्घटना में एक व्यक्ति के मृत होने की सूचना रविवार की सुबह मिली।सूचना के आलोक में थाने में पदस्थापित एएसआई अजय कुमार घटनास्थल पर भेजा गया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल नवादा भेज दिया है।थानाध्यक्ष ने बताया कि शव के पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।साथ ही बताया कि पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुटी हुई है।










