Er. Santosh Kumar
रजौली प्रखंड क्षेत्र के बजरंगबली चौक स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में शुक्रवार को साउथ बिहार पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा समारोह का आयोजन सहायक विद्युत अभियंता राहुल कुमार के देखरेख में सम्पन्न हुआ।इस दौरान रजौली के कनीय अभियंता भुवनेश्वर प्रसाद,रेवेन्यू कनीय अभियंता अक्षय तारा,सिरदला कनीय अभियंता नसीरुद्दीन,बड़ा बाबू संजीव कुमार,सुपरवाइजर शशिकांत कुमार एवं मो. इरफान आलम भी मौजूद रहे।सहायक अभियंता राहुल कुमार ने बताया कि सेवा पखवाड़ा समारोह में में बिजली बिल की गड़बड़ियां,मीटर रीडिंग में त्रुटियां और नए कनेक्शन,कृषि कनेक्शन,बिजली चोरी की शिकायतें और तकनीकी समस्याओं से संबंधित 120 उपभोक्ताओं द्वारा लिखित आवेदन प्राप्त हुआ।प्राप्त आवेदनों में से 67 आवेदनों में बिजली बिल का सुधार किया गया है एवं 10 मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया है।साथ ही मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी गई।साथ ही शिविर में आए लोगों के बीच शून्य बिजली बिल का वितरण किया गया।सहायक अभियंता ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के समस्याओं का निपटारा सेवा पखवाड़ा में नहीं हो सका है,उनका निपटारा एक सप्ताह के अंदर कर लिया जाएगा।सेवा पखवाड़ा के कारण उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।साथ ही इस पहल से विभाग और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित हुआ और उपभोक्ताओं का विश्वास भी बढ़ा।इस मौके पर दर्जनों उपभोक्ता अपनी समस्याओं के निदान होने पर खुश दिखाई दिए।










