संतोष कुमार
रजौली थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती पंचायत के ग्रामीणों को ढ़कनीछोर और नदियापार गांव में विगत एक वर्षों से बिजली आपूर्ति बाधित है.इसके पीछे का मुख्य कारण पिछले वर्ष आकाशीय ठनका गिरने से गांव में लगा ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया था,जिसे आजतक नहीं बनाया गया है.जबकि प्रखंड मुख्यालय से दूर सवैयाटांड़ पंचायत के ग्रामीणों को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है.वहीं ढ़कनीछोर और नदियापार गांव के ग्रामीण राजो सिंह,राधे राजवंशी,महेंद्र सिंह,अरुण भुइयां,द्वारिक भुइयां व मुनेश्वर भुइयां ने बताया कि बीते एक वर्षों से हमारे गांव को बिजली नहीं मिल रही है,जिसके कारण हमलोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं.आकाशीय ठनका गिरने से खराब हुए ट्रांसफॉर्मर की सूचना बिजली विभाग के कनीय अभियंता समेत अन्य पदाधिकारियों को दी गई.ट्रांसफॉर्मर खराब होने के बाद भी लगभग 60 से 70 उपभोक्ताओं को बिजली बिल भरना पड़ रहा है.
महिलाओं और बच्चों को हो रही ज्यादा परेशानी :-
ग्रामीण महिलाएं चरमनिया देवी,बसंती देवी व सैमफुलवा देवी समेत अन्य ने बताई कि बीते एक वर्ष से वे अपने बच्चों के साथ अंधेरे में जीवन व्यतीत कर रहे हैं.बिजली के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है.हम महादलित परिवारों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है,उसके बावजूद स्थानीय बिजली कर्मी खराब पड़े ट्रांसफॉर्मर को नहीं बदल रहे हैं.बिजली नहीं रहने के कारण उन्हें घरेलू कार्य करने में भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.साथ ही कही कि हम महादलित परिवार जंगली क्षेत्र में घर बनाकर रह रहे है.रात्रि के अंधेरे में उन्हें सांप समेत अन्य विषधारी जीवों से डर लगता है.
मुख्यमंत्री द्वारा प्रदत 125 यूनिट निःशुल्क बिजली लाभ से ग्रामीण रहेंगे वंचित :-
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट निःशुल्क बिजली दिए जाने की घोषणा कर दी गई है,जिसका लाभ अगस्त माह से मिलना शुरू हो जाएगा.किंतु सवैयाटांड़ पंचायत के दो महादलित गांव ढ़कनीछोर और नदियापार के सैकड़ों लोग इस योजना से वंचित रहेंगे.क्योंकि दोनों गांव को बिजली देने वाला ट्रांसफॉर्मर ही विभागीय उदासीनता के कारण बीते एक वर्ष से खराब पड़ा हुआ है.ग्रामीणों ने कहा कि वे कार्यालयों का चक्कर लगाते लगाते काफी थक चुके हैं.साथ ही कहा कि सरकार द्वारा 125 यूनिट निःशुल्क बिजली योजना का लाभ हमलोगों को मिले.इसको लेकर खराब पड़े ट्रांसफॉर्मर को जल्द से बदलने की अपील बिजली विभाग से की है.
क्या कहते हैं पदाधिकारी :-
इस बाबत बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि मामला हमारे संज्ञान में नहीं था.विभाग के कर्मियों से जानकारी लेकर खराब पड़े ट्रांसफॉर्मर को अतिशीघ्र बदलने का निर्देश दिया जाएगा.साथ ही कहा कि सरकार द्वारा निर्देशित 125 यूनिट बिजली निःशुल्क ढ़कनीछोर और नदियापार गांव के उपभोक्ताओं को भी दिया जाएगा.










