संतोष कुमार
आगामी मुहर्रम त्यौहार को लेकर रजौली अनुमंडल सभागार में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई.अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) स्वतंत्र कुमार सुमन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) गुलशन कुमार सहित सभी संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधी एवं शांति समिति के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे.बैठक का मुख्य उद्देश्य मुहर्रम के दौरान विधि व्यवस्था का सुदृढ़ संधारण सुनिश्चित करना और क्षेत्र में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखना था.
एसडीओ ने की शांतिपूर्ण पर्व की अपील:-
बैठक के दौरान एसडीओ स्वतंत्र कुमार सुमन ने उपस्थित सभी शांति समिति सदस्यों और मुहर्रम आयोजकों से शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की भावुक अपील की. उन्होंने कहा की निर्धारित समय एवं तयशुदा रूट पर ही ताजिया जुलूस को निकलेंगे. साथ हीं कहा कि मुहर्रम त्याग, बलिदान और भाईचारे का पर्व है, और इसे उसी भावना के साथ मनाया जाना चाहिए.उन्होंने सभी से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी से बचने का आग्रह किया.एसडीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन पर्व के दौरान किसी भी तरह की अराजकता या अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं करेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.इसके अलावा डीजे बजाने पर पूर्णत प्रतिबंध रहेगा अगर कोई भी ताजियादार इस प्रतिबंध ध्वनि साउंड को बजाते दिखेंगे, तो उनके साथ-साथ डीजे संचालक के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी,मोहर्रम जुलूस के दौरान सिर्फ लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति रहेगी.
एसडीपीओ ने प्रतिबंधित हथियारों पर चेताया:-
एसडीपीओ गुलशन कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने विशेष रूप से पारंपरिक लाठी-डंडे के खेल को करने की अनुमति दी, जो मुहर्रम के जुलूसों का एक अभिन्न अंग है. हालांकि,उन्होंने प्रतिबंधित हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की कड़ी चेतावनी दी.एसडीपीओ ने कहा कि तलवार, भाला या किसी भी अन्य धारदार हथियार का सार्वजनिक प्रदर्शन पूरी तरह से प्रतिबंधित होगा और ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.उन्होंने स्थानीय पुलिस को निर्देश दिए कि वे संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात करेंगे और जुलूस के मार्गों पर कड़ी निगरानी रखेंगे.उन्होंने बताया कि पूर्व से चिन्हित उपद्रवियों के ऊपर बीएनएस 126 के तहत कार्रवाई की जाएगी.
गणमान्य लोगों ने दिया सहयोग का आश्वासन:-
बैठक में उपस्थित अनुमंडल क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने प्रशासन को पर्व के दौरान पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया.उन्होंने कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति और व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करेंगे.शांति समिति के सदस्यों ने विभिन्न सुझाव भी दिए, जिन पर प्रशासन ने गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया.कुल मिलाकर, बैठक का सफल आयोजन यह दर्शाता है कि रजौली प्रशासन मुहर्रम के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.बैठक में रजौली अनुमंडल क्षेत्र के गोविंदपुर प्रखंड के पूर्व प्रखंड प्रमुख चंद्रिका प्रसाद, पूर्व जिला परिषद नवादा के उपाध्यक्ष प्रतिनिधि अवधेश कुमार यादव, रजौली पश्चिमी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विनय कुमार सिंह, खनवां गांव निवासी संजय कुमार पप्पू, अकबरपुर प्रखंड के बलिया बुजुर्ग पंचायत के पूर्व पंचायत समिति सदस्य पंकज पांडे, गौरव कुमार, अमित कुमार, अकबरपुर शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष कौशल पांडे, गंगटा गांव निवासी चुनचुन कुमार, कन्हैया कुमार एवं कुंदन कुमार, सतीश कुमार वर्मा, पवन सिंह, महेश कुमार समेत अनुमंडल क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.










