संतोष कुमार
रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर उत्पाद बलों ने बीते सोमवार की रात्रि को शराब लदे एक इनोवा कार को जब्त किया.शराब तस्कर भागने में सफल रहे,वहीं शराब परिवहन में संलिप्त दो होमगार्ड के जवानों को गिरफ्तार किया गया है.जब्त शराब की मात्रा 8 कार्टूनों में बंद कुल 108 बोतल में रहे 72 लीटर है.उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि शराबबंदी को सफल बनाने में जुटे उत्पाद बलों के द्वारा झारखंड की ओर से आनेवाली प्रत्येक छोटी से लेकर बड़ी वाहनों की सघन जांच की जाती है,जिसका नेतृत्व उत्पाद एसआई राजेश कुमार पटेल कर रहे हैं.जांच के क्रम में सोमवार की रात्रि लगभग 8:30 बजे झारखंड की ओर से एक इनोवा कार को उत्पाद एसआई प्रवीण कुमार ने रोका.उक्त इनोवा कार संख्या बीआर27पी3218 नवादा जा रहा था,जिसपर दो लोग सवार थे.ड्यूटी खत्म होने के बाद उत्पाद विभाग में कार्यरत एक होमगार्ड राहुल कुमार उसी इनोवा पर सवार होकर जाने लगे.इस दौरान उत्पाद एसआई प्रवीण कुमार ने होमगार्ड के जवान को नीचे उतारा और इनोवा कार को जांच करने के लिए गेट खोलने को कहा.इसी बीच इनोवा कार चालक ने जांच चौकी से इनोवा कार को तेज गति से रजौली की ओर लेकर भागने लगा,इस क्रम में उत्पाद विभाग की एक ट्रॉली को टक्कर मार दी. भाग रहे इनोवा कार का पीछा उत्पाद बलों द्वारा करते हुए इनोवा कार को कुंडला मोहल्ले में जब्त कर लिया गया.हालांकि इनोवा कार में सवार रहे लोग अंधेरे का फायदा उठाकर नदी केे रास्ते भागने में सफल रहे.इनोवा कार की जांच किए जाने पर उसमें प्लास्टिक के तीन बोरियों में बंद शराब पाया गया.
इनोवा में लदे 108 बोतल शराब हुआ बरामद :-
कुंडला मोहल्ला से शराब लदी इनोवा को जांच चौकी पर लाया गया एवं तलाशी लिए जाने पर बीच वाली सीट और पीछे डिक्की में रखे तीन बोरियों में बंद कुल 8 कार्टून विदेशी शराब किया गया.जब्त शराब में 750 एमएल वाले बी7 के 36 बोतल,रॉयल स्टेज के 24 बोतल,8 पीएम के 12 बोतल एवं इंपीरियल ब्लू के 12 बोतल के अलावे 375 एमएल वाले आइकॉनिक व्हाइट के 36 बोतल शामिल है.जब्त शराब की कुल मात्रा 72 लीटर है.
होमगार्ड से पूछताछ पर खुला राज :-
उत्पाद एसआई द्वारा होमगार्ड राहुल कुमार से पूछताछ किए जाने पर बताया गया कि जांच चौकी पर परिवहन विभाग में रह चुके होमगार्ड साथी रंजीत कुमार द्वारा फोन करके बताया गया कि इनोवा कार से दो दोस्त शराब पीकर जांच चौकी को पार करने वाला है.जांच चौकी पर इनोवा कार को पार करवाने का जिम्मा होमगार्ड राहुल कुमार ने उठा लिया.इसी क्रम में वह इनोवा कार पर सवार होकर नवादा जाने को तैयार हो गया और जांच में होमगार्ड जवान राहुल कुमार की पोल खुल गई.होमगार्ड राहुल कुमार की निशानदेही पर होमगार्ड रंजीत कुमार को मोबाइल लोकेशन पर सोमवार की देर रात्रि में ही गिरफ्तार कर लिया गया.गिरफ्तार लोगों ने शराब परिवहन में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है.उत्पाद बल जरूरी पूछताछ के बाद अग्रतर कार्रवाई में जुटी हुई है.
जांच चौकी से शराब की खेप ले जाना नामुमकिन :-
जांच चौकी पर तीन शिफ्टों में पदाधिकारियों के नेतृत्व में होमगार्ड के जवानों की सहायता से सघन जांच की जाती है.वहीं ट्रकों एवं कंटेनर की जांच हेतु हैंड स्कैनर मशीन का भी उपयोग किया जाता है.शराब तस्कर जांच चौकी को बाईपास करने के लिए जंगली रास्तों का उपयोग किया करते हैं.किंतु बारिश के कारण जंगली रास्तों से शराब परिवहन किया जाना बंद पड़ गया है.इससे शराब की खेप को जांच चौकी से ले जाना नामुमकिन है.उत्पाद बलों की सूझबूझ से प्रतिदिन शराब तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है.
जांच चौकी पर हुई थी होमगार्डों के बीच सांठ-गांठ :-
जांच चौकी पर उत्पाद विभाग में होमगार्ड राहुल कुमार ड्यूटी कर रहे थे.वहीं बीते अप्रैल माह तक होमगार्ड रंजीत कुमार जांच चौकी पर परिवहन विभाग में ड्यूटी कर रहे थे.ड्यूटी के दौरान दोनों ने पैसों की उगाही के लिए शराब तस्करों से मेलजोल बढ़ा लिया.पैसों के लालच के चक्कर में होमगार्ड के दोनों जवान उत्पाद बलों के भेंट चढ़ गए.
दोनों होमगार्ड एवं फरार तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज :-
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त शराब लदे इनोवा वाहन को लेकर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.गिरफ्तार लोगों में नवादा जिले के पकरीबारवां थाना क्षेत्र के डुमरावां गांव निवासी स्व. योगेन्द्र प्रसाद सिंह के पुत्र राहुल कुमार और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रजम्भा मोतनाजे गांव निवासी गोबिंद प्रसाद सिंह के पुत्र रंजीत कुमार के रूप में हुई है.वहीं इनोवा कार से फरार हुए दोनों तस्करों एवं वाहन मालिक पर भी बिहार उत्पाद अधिनियम के सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.वहीं गिरफ्तार लोगों को मंगलवार को स्वास्थ्य जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.










