टनल में खड़े हाइवा ट्रक के चारों चक्के चोरी, दो गिरफ्तार, चक्के बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



सोलु सिंह,रजौली(नवादा)



रजौली थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन तिलैया-कोडरमा रेलखंड में टनल संख्या एक से बीते मंगलवार की रात्रि अज्ञात चोरों ने कार्य में जुटे एक जंबो हाइवा ट्रक के पिछले चार चक्कों को खोलकर चुरा लिया। बुधवार की सुबह हाइवा ट्रक के पिछले सभी चारों चक्कों के चोरी होने की सूचना नरसिंह कंस्ट्रक्शन के प्रोजेक्ट मैनेजर कैलाश राय को मिलते ही उन्होंने थाना को सूचना दी। इससे पूर्व भी रेलवे कंस्ट्रक्शन साइट से करोड़ों रुपये के मशीनरी की चोरी की जा चुकी है, जिसका उद्भेदन पुलिस बलों द्वारा किया जा चुका है। वहीं आए दिन लोहे के छड़ समेत अन्य चीजों की चोरी लगातार बगल के गांव भड़रा समेत आसपास के गांव के लोगों द्वारा की जा रही है। इस बार चोरों ने टनल संख्या एक में कार्यरत जंबो हाइवा ट्रक संख्या जेएच19बी8351 के पिछले चारों टायरों को रिम समेत चुरा लिया है।

पुलिस द्वारा बरामद चोरी का टायर

हालांकि पुलिस की सक्रियता के कारण चोरी में शामिल दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस हिरासत में लिए गए भड़रा गांव निवासी युवकों की पहचान रूपौ यादव के पुत्र मनीष कुमार एवं दासो प्रसाद के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से जरूरी पूछताछ कर रही है। हिरासत में लिए गए युवकों में से एक पहले कंस्ट्रक्शन साइट पर ही काम किया करता था, जो दो माह पूर्व काम छोड़ दिया था। घटनास्थल भड़रा गांव के नजदीक है, जिससे इन्हें चोरी की घटना को अंजाम देने में काफी सहूलियत हुई। चोरों ने घर में छिपाकर चारों चक्कों को रखा था। वहीं घटना को लेकर कैम्प इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार राय द्वारा थाने को लिखित आवेदन मिला है। कैम्प इंचार्ज के अनुसार चोरों ने हाइवा के पिछले चारों चक्कों को खोलकर चक्के की जगह पर बड़े-बड़े पत्थर रख दिए थे। इस संबंध में थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि सूचना पर थाने में पदस्थापित एसआई सचिन कुमार और पीटीसी उपेंद्र कुमार के साथ पुलिस बल को घटनास्थल पर भेजा गया। घटनास्थल की छानबीन के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया। हिरासत में रहे दोनों युवक भड़रा गांव के हैं, जिनकी निशानदेही पर चोरी गए चारों चक्के बरामद किए गए। चोरी में शामिल अन्य लोगों की संलिप्तता की तलाश जारी है। थानाध्यक्ष ने कहा कि चोरी की घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Bihar News 27
Author: Bihar News 27

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!