एक ऑटोमैटिक पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ तीन नवयुवकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार,गया व अन्य जिलों से लाकर रजौली में बेचते थे हथियार और कारतूस 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

Er. Santosh Kumar

रजौली थाना क्षेत्र के इंटर स्कूल रजौली के खेल मैदान से पुलिस बलों ने रविवार की सुबह तीन नवयुवकों को एक पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया.नवयुवकों के गिरफ्तार होने की खबर आसपास में आग की तरह फैल गई.आज के अधिकांश नवयुवक कम समय में अधिक पैसे कमाने की चाह में गैरकानूनी कार्यों में जुट जाते हैं.चाहे वो काम शराब,चोरी,छिनतई,हथियार तस्करी आदि ही क्यों ना हो.नवयुवकों के परिजनों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वह अपने बच्चे की बेहतर ढंग से देखभाल करें और जानकारी लेते रहें कि आपका बच्चा कहीं गैरकानूनी रास्तों पर,तो नहीं चल रहे हैं.वहीं पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई से लोग अपने बच्चों को कड़ी हिदायत देते दिखाई दिए.

गुप्त सूचना के आलोक में हुई कार्रवाई :- 

थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि बीते दिन इंटर विद्यालय के खेल मैदान में कुछ युवकों द्वारा हथियार और कारतूस की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली.सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई को लेकर थाने में पदस्थापित पीएसआई सचिन कुमार,एएसआई अमित कुमार वर्मा एवं एएसआई सुरेन्द्र राम को सशस्त्र बलों के साथ भेजा गया.इस दौरान खेल मैदान में बने सीढ़ी पर रहे तीन लड़के पुलिस बलों को देखकर भागने लगा,जिसे खदेड़ कर पुलिस बलों द्वारा पकड़ लिया गया.गिरफ्तार नवयुवकों में सिरदला थाना क्षेत्र के भितिया गांव निवासी विनय यादव के पुत्र पंकज कुमार,जो वर्तमान समय में पुरानी बस स्टैंड के एक मकान में परिवार के साथ रहता है व चौगांव निवासी बब्लू रविदास के पुत्र करण कुमार एवं रजौली थाना क्षेत्र के मांगोडीह गंगटिया गांव निवासी लक्ष्मण प्रसाद के पुत्र कौशल कुमार शामिल है.पुलिस बलों द्वारा जांच के क्रम में गिरफ्तार युवक कौशल कुमार के पैकेट से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया.वहीं गिरफ्तार युवक पंकज कुमार के पुरानी बस स्टैंड स्थित घर में रहे एक आलमीरा के ऊपर रखे किताबों के बीच में छुपाकर रखे पिस्टल को बरामद किया गया.

गया एवं अन्य जिलों से हथियार लाकर बेचने का होता था कार्य :-

ऑटोमैटिक पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार लोगों ने पुलिस की कड़ी पूछताछ में बताया कि वे गया एवं अन्य जगहों से सस्ते दामों पर हथियार एवं कारतूस खरीदकर रजौली लाते हैं और उसकी बिक्री दो से तीन गुने कीमतों पर करते हैं.जब्त पिस्टल पर ऑटोमैटिक पिस्टल मेड इन यूएसए व ऑनली फॉर आर्मी एवं गोली पर एस&बी 7.62×25 लिखा हुआ था.गिरफ्तार युवकों के पास रहे मोबाइल में भी कुछ पिस्टल और कारतूस का फोटो आदि देखा गया है.

पूछताछ के बाद भेजा गया जेल:-

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस बलों द्वारा जब्त पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार तीनों नवयुवकों को सघन पूछताछ की गई है.साथ ही बताया कि बिना लाइसेंस के अवैध आर्म्स एवं जिंदा कारतूस को रखना,परिवहन करना एवं भंडारण करना कानूनी अपराध है.जिसको लेकर आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है एवं गिरफ्तार लोगों को सोमवार को स्वास्थ्य जांच करवाकर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

Bihar News 27
Author: Bihar News 27

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!