Er. Santosh Kumar
79वां स्वतंत्रता दिवस रजौली में देशभक्ति के अद्भुत उत्साह के साथ मनाया गया.रजौली इंटर विद्यालय के प्रांगण में आयोजित मुख्य समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) स्वतंत्र कुमार सुमन ने तिरंगा फहराए और परेड का निरीक्षण किये.इस मौके पर एसडीपीओ गुलशन कुमार भी मौजूद रहे.इस समारोह में नगर पंचायत पदाधिकारी राजेश झा, थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश कुमार, जदयू जिला उपाध्यक्ष दीपक कुमार मुन्ना, भाजपा जिला महामंत्री गौरव शांडिल्य गगन, समाज सेवी नीरज कुमार, रजौली पश्चिमी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विनय कुमार सिंह , इंटर विद्यालय प्रभारी प्रधानाध्यापक संजय कुमार तरुण,रिटायर्ड शिक्षक अनील कुमार, शिक्षक रंजन कुमार समेत दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद थे.
स्वतंत्रता दिवस की इस वर्ष का सबसे खास पहलू यह था कि आजादी का यह जश्न सिर्फ बड़े आयोजनों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह आम लोगों, खासकर महादलित टोलों तक भी पहुंचा.इन बस्तियों में भी झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.इस पहल ने यह संदेश दिया कि आजादी का अधिकार और सम्मान हर भारतीय का है, चाहे वह किसी भी वर्ग का हो.

सरकारी विभागों, स्कूलों और राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी तिरंगा शान से लहराता दिखा.प्रखंड कार्यालय में बीडीओ संजीव झा, नगर पंचायत में मुख्य पार्षद मानती देवी, अस्पताल में डॉ. दिलीप कुमार और पीएचसी में डॉ. सौरभ कुमार निराला ने भी ध्वजारोहण किया.विभिन्न स्कूलों में बच्चों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिससे नई पीढ़ी में देशप्रेम की भावना और मजबूत हुई.इस दौरान, अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, ताकि दूसरों को भी प्रेरणा मिल सके.भाजपा कार्यालय में मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार वर्मा, राजद कार्यालय में राजद अध्यक्ष कारू राम, जदयू कार्यालय में दिलीप कुमार उर्फ कारू सिंह समेत अन्य राजनीतिक दलों ने भी इस राष्ट्रीय पर्व में अपनी भागीदारी दिखाई.नेताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को याद किया और भारत को एक मजबूत राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया.कुल मिलाकर, इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस रजौली के लिए एक यादगार उत्सव बन गया, जहां हर दिल में तिरंगे के लिए सम्मान और हर घर में आजादी का जश्न दिखाई दिया.










