संतोष कुमार
रजौली मुख्यालय क्षेत्र के डीएसपी आवास के सामने बना डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा का दाहिना हाथ खंडित है.प्रतिमा का उद्घाटन तत्कालीन एसडीओ आदित्य कुमार पीयूष के द्वारा बीते 26 जनवरी 2025 को किया गया था.नगर पंचायत के द्वारा बनाये गए अम्बेडकर पार्क की चर्चा लोगों की जुबां पर था.बाबा साहेब की मूर्ति के साथ भारत के संविधान का उद्देशिका पट्ट भी लगाया गया था.उद्घटान के बाद मात्र 6 महिनों में डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रतिमा का दाहिना हाथ टूट गया है.इस घटना से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी रोष देखा जा रहा है.ग्रामीणों ने बताया कि जब भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को भी बढ़िया से नहीं बनाया गया है,तो आप सोच सकते हैं कि अन्य सरकारी कार्य किस प्रकार से हो रहा होगा.लोगों ने कहा कि अंबेडकर पार्क में रहे उद्देशिका पट्ट भी झुक गया है,जो कभी भी गिर सकता है.पार्क तो बना दिया गया किन्तु इसे देखने वाला कोई नहीं है.जबकि उक्त अंबेडकर पार्क के आगे से दिन-रात वरीय पदाधिकारी का आवागमन होते रहता है एवं पार्क से महज 20 मीटर की दूरी पर एसडीओ आवास एवं 10 मीटर की दूरी पर एसडीपीओ का आवास है.उसके बाद भी भीमराव अंबेडकर का प्रतिमा के हाथ टूट जाने की घटना सरकारी कार्य में शिथिलता को दर्शाता है.
इस सम्बन्ध में वार्ड संख्या 3 के पार्षद मुकेश कुमार ने बताया कि मजदूरों द्वारा सफाई करने के दौरान बाबा साहेब की प्रतिमा का दाहिने हाथ में दरार आया है,जिसे जल्द ही सुधार लिया जाएगा.
वहीं एसडीओ स्वतंत्र कुमार सुमन ने बताया कि पार्क में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की खंडित प्रतिमा के बारे में जांच पड़ताल किया जाएगा.साथ ही उन्होंने खंडित प्रतिमा का हाथ बेहतर ढंग से निर्माण करवाया जाएगा.










