संतोष कुमार
रजौली थाना क्षेत्र के जोगियामारण पंचायत के हरैयाकोला गांव में बीते मंगलवार की शाम को दो टोला के युवकों द्वारा क्रिकेट खेलने के दौरान वाइड बॉल को लेकर विवाद हो गया.विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के पांच युवकों के साथ बैट,विकेट और ईंट पत्थर से मारपीट कर घायल कर दिया.इस दौरान तीन लोगों का सिर फट गया है.घायलों को ग्रामीण महिलाओं के इलाज हेतु अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया.अस्पताल में ड्यूटी में रहे चिकित्सक डॉ. गजेन्द्र कुमार ने बताया कि घायलों में हरैयाकोला निवासी गणेश मांझी के पुत्र विशाल कुमार के शरीर में चोट है,सनोज मांझी के पुत्र गौतम कुमार का सिर फटा है व जैकी कुमार के मुंह और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट है,महेंद्र मांझी के पुत्र नीतीश कुमार का सिर व हाथ फटा है एवं मनोज मांझी के पुत्र धर्मेंद्र कुमार का सिर फटा हुआ है.चिकित्सक ने बताया कि सभी घायलों का इलाज कर उन्हें जरूरी दवाईयां दी गई है.वहीं अस्पताल परिसर में मौजूद घायल युवक विशाल कुमार ने बताया कि हरैयाकोला गांव के ही एक मैदान में नीचे टोला और ऊपर टोला के युवकों द्वारा क्रिकेट खेला जा रहा था.इसी बीच वाइड बॉल को लेकर उठे विवाद में नीचे टोला के गोलू कुमार,कौशल कुमार,प्रियांशु कुमार, राहुल कुमार,कुंदन कुमार,गुड्डू कुमार,सोनू कुमार,आकाश कुमार,रवि कुमार,मंटू कुमार,प्रिंस कुमार,नितीश कुमार,कौशल कुमार,विपिन कुमार,चुन्नू कुमार समेत लगभग 20 लोगों ने बैट,विकेट और पास में रहे ईंट पत्थर से हमलोगों के साथ मारपीट करने लगा.इस दौरान ऊपरी टोला के कुल पांच लोग घायल हो गए.वहीं अस्पताल परिसर में मौजूद विजय मांझी की पत्नी कमला देवी ने बताई कि हमलोगों को जब झगड़े की सूचना मिली,तो वे अपने लोगों को समेटकर मोहल्ले की तरफ आ रही थी,इसी बीच बदमाशों ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए मारपीट किया गया.वहीं गोरी देवी ने बताई कि नीचे टोला के लोगों ने हमारी युवतियों के साथ भी अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट किया है.साथ ही बताई कि मारपीट की घटना को लेकर डायल 112 की टीम को भी बुलाया गया था.पीड़ित परिजनों ने बताया कि मारपीट एवं अभद्र व्यवहार को लेकर थाने को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाएंगी.
क्या कहते हैं पुलिस पदाधिकारी –
इस बाबत थाना प्रभारी सह अपर थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मारपीट को लेकर पीड़ित पक्ष द्वारा लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है.आवेदन के आलोक में 16 नामजद लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.वहीं पुलिस अग्रतर कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.










