सुअरलेटी,भानेखाप एवं मरमों गांव में 20 दिनों से बिजली बाधित,आधुनिक युग में भी ढिबरी जलाने को मजबूर हैं ग्रामीण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संतोष कुमार

रजौली प्रखंड क्षेत्र के हरदिया पंचायत के सुदूरवर्ती गांव सुअरलेटी,भानेखाप एवं मरमों गांव में बीते 20 दिनों से बिजली बाधित है।बिजली नहीं रहने के कारण भीषण गर्मी में ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीण केदार भुइयां,शंभू भुइयां,मनु भुइयां,द्वारिका भुइयां,श्री भुइयां,दिनेश पासवान,वीरू पंडित एवं बद्री भुइयां ने बताया कि वे बीते 5-6 वर्षों से झारखंड से मिलने वाली बिजली का उपभोग कर रहे हैं।इस दौरान वे बिजली बिल का भुगतान भी कर रहे हैं।बीते माह कुछ बिजली कर्मी हमारे गांव आए और लगभग सभी घरों में 15 से 20 हजार रुपए बकाया राशि का बिजली बिल देकर पैसे जमा करने को कहा गया।ग्रामीणों ने बताया कि वे दिहाड़ी मजदूरी कर अपना एवं परिजनों का जीवन यापन कर रहे हैं।ऐसी स्थिति में बिजली विभाग द्वारा एकमुश्त राशि के रूप में भारी-भरकम बकाया राशि जमा करने में सक्षम नहीं हैं।ग्रामीणों ने कहा कि बिजली कर्मियों को किश्तवार बकाया बिजली बिल अदा करने की बात कही गई।किंतु ग्रामीणों की बातों को नजरअंदाज करते हुए झारखंड के बिजली कर्मियों ने तीनों गांव की बिजली को काट दिया है,जिसके कारण इस आधुनिक युग में लोग ढिबरी जलाकर रहने को मजबूर हैं।ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यदि प्रत्येक माह बिजली कर्मी आकर हमलोगों से बिजली बिल ले जाते,तो इस प्रकार की परेशानी नहीं हो पाती।बिजली बाधित होने के कारण ग्रामीणों को भीषण गर्मी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।वहीं जंगली क्षेत्र होने के कारण रात्रि की अंधेरे में लोग डरे-सहमे रह रहे हैं।साथ ही पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है।वहीं नौनिहालों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है।

क्या कहते हैं मुखिया –

इस बाबत हरदिया ग्राम पंचायत के मुखिया पिंटू साव ने बताया कि सुअरलेटी,भानेखाप एवं मरमों गांव में झारखंड की ओर से बिजली आपूर्ति की जा रही है।बिजली बाधित होने की शिकायत मिलने पर कोडरमा के बिजली पदाधिकारियों से बात करने पर बताया गया कि उक्त गांवों के ग्रामीणों ने लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है।जबकि ग्रामीणों को कई बार बकाया बिजली बिल जमा करने की बात कही गई थी।

क्या कहते हैं बिजली विभाग के अधिकारी –

इस बाबत बिजली विभाग रजौली के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि सुअरलेटी,भानेखाप एवं मरमों गांव में बिहार की ओर से बिजली आपूर्ति के लिए प्रयास जारी है।जल्द ही ग्रामीणों को बिजली सुचारू रूप से दिया जाएगा।वहीं वर्तमान में झारखंड से मिलने वाली बिजली के बाधित होने पर जानकारी लेकर अग्रतर कार्रवाई करने की बात कही है।

Bihar News 27
Author: Bihar News 27

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!